गुजरात में फिलहाल लॉकडाउन की कोई संभावना नहीं : मुख्यमंत्री

अहमदाबाद | मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने आज स्पष्ट किया है कि फिलहाल राज्य में लॉकडाउन की कोई संभावना नहीं है| साथ ही यह भी कहा कि स्कूल-कॉलेजों में परीक्षा के बारे में जल्द ही फैसला किया जाएगा| गुजरात में कोरोना का पहला केस दर्ज होने का एक साल पूरा हो चुका है| वैक्सीन आने के बावजूद एक साल बाद भी स्थिति बिगड़ती जा रही है| राज्य में प्रति घंटे 46 लोग कोरोना संक्रमित हो रहे हैं| संक्रमण फैलने के बीच लोगों को फिर एक बार लॉकडाउन की आशंका है| ऐसी आशंका पर मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल राज्य में लॉकडाउन की कोई संभावना नहीं है| कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने कई ठोस कदम उठाए हैं| जिसमें प्रति दिन डेढ़ लाख के बजाए तीन लाख लोगों को कोरोना टीका लगाने की व्यवस्था की गई है| साथ ही प्रति दिन 60000 लोगों का आरटी-पीसीआर टेस्ट का लक्ष्य तय किया गया है| कोरोना संक्रमित लोग पिछले कुछ दिनों में किस किस से मिले इसकी जांच कर उन लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी जाएगी| मुख्यमंत्री ने कहा कि फरवरी महीने में कोरोना के रोजाना केस घटने से लोग लापरवाही हो गए थे और कोविड नियमों का पालन नहीं किया| जिसकी वजह से अब राज्य में रोजाना केसों की संख्या लगातार बढ़ रही है| सरकार ने सभी अस्पतालों में कोरोना मरीजों के उपचार के लिए सुविधाएं बढाई हैं| मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि वे बेवजह बाहर जाने से बचें| सभी के सहयोग से गुजरात को सुरक्षित गुजरात बना सकेंगे| उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी अस्पतालों में जो पहले थी, उसी प्रकार सुविधा उपलब्ध होगी| फिलहाल 6000 बैड की संख्या है और जितने मरीज आएंगे, उससे तीन गुना बैड की संख्या रखने का सरकार ने फैसला किया है| मुख्यमंत्री ने कहा कि गृह और स्वास्थ्य विभाग को सभी नियमों का कड़ाई से अमल करने का आदेश दिया गया है| साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि गुजरात में लॉकडाउन लगाने की कोई संभावना नहीं है| स्कूल-कॉलेज के बारे में जल्द ही फैसला किया जाएगा|
