अंतिम ओवरों में कप्तानी संभालते ही रोहित ने टीम इंडिया को जीत दिलाई

अहमदाबाद । टीम इंडिया के लिए सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा एक बार फिर भाग्यशाली साबित हुए हैं। रोहित के कप्तान बनते ही चौथे टी20 मैच का रुख पलट गया और भारतीय टीम ने हाथ से निकलता हुआ मुकाबला जीत लिया। इसी के साथ ही दोनो टीमों के बीच पांच टी20 की सीरीज 2-2 से बराबर हो गयी। चौथे टी20 में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को आठ विकेट से हराया। इस मैच के आखिरी 4 ओवर में विराट कोहली के चोटिल होकर बाहर जाने के कारण रोहित शर्मा ने कप्तानी संभाली और मैच का रुख पलट दिया।
फील्डिंग के दौरान विराट की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। इसी वजह से उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। तब मेहमान टीम इंग्लैंड को जीतने के लिए 24 गेंदों में 46 रन चाहिए थे और उसके केवल चार विकेट गिरे थे। ऑलराउंडर बेन स्टोक्स (46) और कप्तान ऑयन मोर्गन (4) रन बनाकर खेल रहे थे और टीम की जीत तय नजर आ रही थी पर रोहित ने कमान मिलते ही तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर गेंद दी। रोहित ने शार्दुल को कुछ समझाया और अपनी पहली ही गेंद पर इस तेज गेंदबाज ने बेन स्टोक्स को पेवेलियन भेज दिया। 46 रन पर खेल रहे स्टोक्स का कैच सीधे सूर्यकुमार यादव के हाथों में गया। वहीं इसके बाद शार्दुल ने मोर्गन को वॉशिंगटन सुंदर के हाथों कैच करवा दिया। इन दो अहम विकेटों के गिरते ही टीम इंडिया हावी हो गयी। इसके बाद रोहित ने 18वां ओवर हार्दिक को दिया। गेंदबाजी से पहले कप्तान रोहित ने उनसे भी बात की। इस ओवर की आखिरी गेंद पर सैम कर्रन को बोल्ड कर हार्दिक ने मेहमान टीम की परेशानियां बढ़ा दीं।द्य
इसके बाद मैच का आखिरी ओवर भी रोहित ने शार्दुल को दिया। इंग्लैंड को जीत के लिए इस ओवर में 23 रन चाहिए थे। स्ट्राइक पर इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर थे। उन्होंने शार्दुल की पहली तीन गेंद पर एक चौके और एक छक्के की बदौलत 11 रन बना लिए थे। इससे शार्दुल दबाव में आ गए पर रोहित ने उनका मनोबल बढ़ाते हुए गेंदबाजी जारी रखने को कहा जिसे शार्दुल ने सही साबित करते हुए पांचवीं गेंद पर क्रिस जॉर्डन को आउट कर दिया।
रोहित ने इस मैच में आखिरी के 4 ओवर में जिस शांत ढंग से कप्तानी की। उससे एक बार फिर ये बहस तेज हो गई कि उन्हें छोटे फॉर्मेट में टीम की कप्तानी देनी चाहिए। प्रशंसकों के साथ ही कई पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों का भी मानना है कि दबाव के हालातों में रोहित बेहतर कप्तानी करते हैं।
