एक और सप्ताह तक गुजरात में कोरोना के केसों में वृद्धि होगी : मुख्यमंत्री

अहमदाबाद | गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने राज्य में कोरोना की स्थिति को लेकर बड़ा बयान दिया है| मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात समेत देशभर में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है| लेकिन चिंता करने की कोई बात नहीं है| कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या जरूर बढ़ रही है, लेकिन मृतांक नियंत्रण में है| उन्होंने कहा कि अभी एक सप्ताह तक राज्य में कोरोना के केसों में इजाफा होने की संभावना है और उसके बाद इसमें कमी आएगी| मौजूदा स्थिति को अप्रत्याशित बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में धन्वंतरी और संजीवनी रथों की संख्या बढ़ा दी गई है और जरूरत के मुताबिक फैसले किए जा रहे हैं| राज्य में प्रति दिन 300000 लोगों को टीका लगाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं| उन्होंने कहा कि राज्य के 4 महानगर अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत और राजकोट में कोरोना संक्रमण अधिक है और सरकार इन शहरों पर अधिक ध्यान दे रही है| गुजरात विधानसभा के बजट सत्र को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बजट सत्र अपने समय पूर्ण होगा| बजट सत्र के केवल 4 दिन शेष रह गए हैं और ऐसे में बीच में रोक देना ठीक नहीं होगा| बीच में तीन छुट्टियां हैं और शेष दिनों में विधानसभा में 8 विधेयक पास कराए जाएंगे|
