बड़वानी में पहाड़ से टकराई बस, बाल-बाल बचे 150 लोग, नशे में धुत था ड्राइवर

बड़वानी. मजदूरों से भरी बस चिंदी घाटी में बस पहाड़ी से टकरा गई. हादसे में 13 लोग घायल हो गए, जिनमें दो गंभीर हैं. यात्रियों के मुताबिक हादसे वक्त ड्राइवर नशे में धुत था. चिंदी घाटी में बस लहराई, तो ड्राइवर कूद गया. करीब 100 मीटर तक बस बिना ड्राइवर ही चलती रही. गनीमत रही कि दूसरे ड्राइवर ने गाड़ी की स्टीयरिंग मोड़ दी और बस पहाड़ी से टकरा कर रुक गई. नहीं तो बस गहरी खाई में गिर जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था. 60 सीटर बस में करीब 150 से ज्यादा यात्री सवार थे. ड्राइवर ने मजदूरों से मनमाना किराया और लगेज के पैसे भी अलग से लिए. महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना संक्रमण के कारण मजदूरों को लॉकडाउन की आशंका सता रही है. इसके चलते मजदूरों की वापसी शुरू हो गई है. मध्यप्रदेश व महाराष्ट्र के बीच बसों की आवाजाही पर रोक है, लेकिन मुंबई-आगरा हाइवे पर कार्रवाई से बचने के लिए चालक गांवों व नगरों के रास्ते होकर आवाजाही कर रहे हैं.
