पेट में तेज़ दर्द के बाद अस्पताल ले जाए गए शरद पवार, नवाब मलिक बोले- बुधवार को होगी सर्जरी

मुंबई. एनसीपी प्रमुख शरद पवार (Sharad Pawar) को रविवार देर शाम अचानक तबीयत बिगड़ जाने के बाद ब्रीच कैंडी अस्‍पताल में जांच के लिए ले जाया गया है. महाराष्‍ट्र (Maharashtra) सरकार के मंत्री और एनसीपी (NCP) नेता नवाब मलिक  (Nawab Malik) ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि शरद पवार के पेट में अचानक तेज दर्द हुआ, जिसके बाद उन्‍हें अस्‍पताल में जांच के लिए ले जाया गया है. वरिष्‍ठ डॉक्‍टरों की निगरानी में शरद पवार की जांच की जा रही है.
शरद पवार की सेहत से जुड़ी जानकारी देते हुए नवाब मलिक ने बताया कि डॉक्‍टरी जांच में पता चला है कि उनके गॉलब्‍लैडर में कुछ दिक्‍कत है. उन्‍होंने बताया कि शरद पवार खून पतला करने की दवा ले रहे थे लेकिन इस दिक्‍कत के चलते उन्‍होंने दवा बंद कर दी है. उन्‍हें अब 31 जनवरी को अस्‍पताल में भर्ती कराया जाएगा जहां पर उनकी एंडोस्कोपी और सर्जरी की जाएगी.
बता दें कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात करने की खबरें आने के बाद सियासी माहौल गरमा गया है. एक तरफ एनसीपी ने इस तरह की किसी भी मीटिंग की खबरों को खारिज किया है, वहीं दूसरी तरफ महराष्‍ट्र में एनसीपी और शिवसेना के सहयोगी दल कांग्रेस ने इस मुलाकात पर सवाल खड़े किए हैं. कांग्रेस नेताओं ने पूछा है कि अगर गृह मंत्री देश के किसी बड़े नेता से मिल रहे हैं, तो ये देश को बताना चाहिए. यह जानना देश की जनता का हक बनता है.

Leave a Reply