सादगी से मनाई जा रही रंग पंचमी, जुलूस पर पाबंदी

भोपाल । कोरोना संक्रमण को देखते हुए रंगपंचमी का पर्व आज सादगीपूर्ण ढंग मनाया जा रहा है। लोग अपने-अपने गली और मोहल्लों में दोस्तों और पडो‎सियों के साथ होली खेल रहे हैं। प्रशासन की ओर से पंचमी पर ‎किसी तरह का जुलूस या गेर निकालने पर पाबंदी लगाई गई है। बिना किसी वजह के घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा के लिए शहर की सड़कों पर दो हजार जवान दिनभर मुस्तैद रहे। जगह-जगह चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। कलेक्टर अविनाश लवानिया ने नागरिकों से घरों में रहकर सुरक्षित ढंग से रंगपंचमी का पर्व मनाने की अपील की। रंगपंचमी पर बाजार खुले रखने की छूट के बावजूद ज्यादातर दुकानें बंद रही। तय शारीरिक दूरी का पालन करते हुए लोग आम दिनों की तरह खरीदारी कर सकते हैं। समूह में त्‍योहार मनाने पर पाबंदी होने कारण लोगों ने ज्यादा रंग-गुलाल नहीं खेला। रंगपंचमी के अवसर पर निकलने वाले परंपरागत जुलूस इस बार नहीं निकाले जा रहे हैं। बिना मास्क, बेवजह घूमने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।शुक्रवार के ‎दिन रंगपंचमी पर्व के साथ गुड फ्राइडे और जुमे की विशेष नमाज को देखते हुए पुलिस ने शहर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस शुक्रवार सुबह आठ बजे से तैनात है। लगभग दो हजार पुलिस के जवान मोर्चा संभाल रहे हैं। साथ ही ट्रैफिक पुलिस द्वारा चेकिंग की जा रही है। पुलिस ने सभी धर्मावलंबियों से अपील की है कि सभी लोग अपने घरों में रहकर कोराना से सुरक्षित रहते हुए त्योहार मनाएं और व्यवस्था में पुलिस प्रशासन की मदद करें। शहर के 35 मुख्य चौराहों पर पुलिस बल तैनात ‎किया गया है। 127 अन्य छोटे स्थानों पर थानों का बल मुस्तैद रहेगा। 54 स्थानों पर यातायात पुलिस चेकिंग कर रही है। थाना मोबाइल के अलावा अन्य वाहनों से पेट्रोलिंग की जा रही है। अनाउंसमेंट के जरिए लॉकडाउन का पालन कराया जा रहा है। जुलूस पर प्रतिबंध लगाया गया है। एएसपी जोन-वन अंकित जायसवाल ने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण लगाए गए लॉकडाउन का पालन शुक्रवार को भी कराया जा रहा है। लोगों की अनावश्यक भीड़ न लगे और लॉकडाउन के नियमों का पालन हो सके, इसका पुलिस ध्यान रख रही है। 

Leave a Reply