शराब पीने का विरोध करने पर पति ने पत्नी के साथ जमकर की मारपीट

ललितपुर| अपने घर से कुछ पैसा लेकर बाजार आटा खरीदने निकले पति ने जब आटा न खरीद कर शराब के ठेके पर जाकर शराब का सेवन कर लिया और नशे की हालत में शहर की सड़कों पर झूमता हुआ दिखाई दिया तो पत्नी ने उसकी इस हरकत पर अपना विरोध जताया । जिसके फलस्वरूप पति ने नशे की हालत में अपनी पत्नी के साथ गाली गलौज कर सरेराह जमकर मारपीट कर उसका तमाशा बना दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने शराबी की इस हरकत का कोई विरोध नहीं किया और तमाशबीन बने रहे। लेकिन तभी वहां से गुजरते अपर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने उक्त तमाशा देखा तो वहीं पर रुक गए और अपनी गाड़ी से उतर कर मामले की जानकारी ली। उनके साथ मौजूद पुलिस वालों ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए महिला को बचाया और दोनों पति-पत्नी को अपनी गाड़ी से सदर कोतवाली भेजकर मामले में कार्यवाही के निर्देश दिए। मिली जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गनगौरा निवासी गरीब मजदूर तबके का अरविंद अहिरवार अपने घर से कुछ पैसे लेकर बाजार खाने पीने का सामान और आटा खरीदने के लिए आया हुआ था,लेकिन उसने ना तो खाने पीने का सामान खरीदा और ना ही आटा खरीदा, बल्कि कलारी पर जाकर जमकर शराब पी और सड़कों पर आवारा जानवरों की तरह घूमने लगा । जब काफी देर तक वह सामान लेकर घर नहीं पहुंचा तब उसकी पत्नी उसे ढूंढते हुए आई और सड़क पर ही उसने पति को पकड़ लिया और उसकी इस तरह शराब पीने का विरोध करने लगी। जिस पर उसके पति को जमकर गुस्सा आ गया और वह शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ गाली गलौज करते हुए उसे मारपीट कर शरेबाजार उसका तमाशा बनाने लगा। मारपीट के बाद जब पत्नी चिल्लाई तो आसपास के लोग मौके पर तो आए लेकिन किसी ने उसे बचाने का प्रयास नहीं किया बल्कि उसका तमाशा देखते रहे, ठीक उसी समय अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार किसी काम से कहीं जाते हुए घटनास्थल से गुजरे जहां लोगों का मजमा लगा देखा तो वहां रुक गए और अपने साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों से मामले की जानकारी करने के लिए कहा । जब सुरक्षाकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे तब वह व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था,सुरक्षाकर्मियों ने दोनों ही पति पत्नी को अलग अलग किया और मामले की जानकारी ली तो पता चला कि शराबी पति ने सारे पैसे शराब में उड़ा दिए और पत्नी द्वारा विरोध किए जाने पर वह उसकी पिटाई कर रहा था, जिसके बाद उन्होंने दोनों ही पति पत्नी को सदर कोतवाली भिजवा दिया और मामले में कार्यवाही करने की बात भी कही।
