‘प. बंगाल में कानून-व्यवस्था नाम की चीज नहीं’, बिहार के इंस्पेक्टर की मॉब लिंचिंग पर गरमाई सियासत

पटना. अपराधियों की धर-पकड़ को किशनगंज से लगी बिहार व पश्चिम बंगाल की सीमा पर इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार को भीड़ ने घेरकर मार डाला. बताया जा रहा है कि अपराधियों को बचाने के लिए बिहार की पूरी पुलिस टीम पर हमला किया था. हालांकि और लोगों ने किसी तरह जान बचाई, लेकिन अंधेरे की वजह से किशनगंज नगर थाने के इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार भीड़ के हत्थे चढ़ गए. भीड़ ने उन्हें पीट-पीटकर मार डाला. ये घटना प. बंगाल के उत्‍तरी दिनाजपुर जिले के पांजीपाड़ा थाना के पनतापाड़ा में हुई जहां आक्रामक भीड़ ने कानून को हाथ में ले लिया और एक पुलिसकर्मी की हत्या कर दी. जानकारी के अनुसार छापेमारी से पहले इंस्पेक्टर ने स्थानीय पंजीपाड़ा थाने को भी सूचना दी थी, बावजूद इसके यह घटना घट गई. ऐसे में इस मामले को लेकर बिहार के सियासी दलों ने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी को घेरते हुए गृह मंत्रालय से हस्तक्षेप की मांग की है.

सत्तारूढ़ दल भाजपा और जदयू ने पश्चिम बंगाल की ममता सरकार पर जमकर हमला बोला है. भाजपा सांसद रामकृपाल यादव ने इस घटना को दुखद बताते हुए कहा कि लगता नहीं है कि पश्चिम बंगाल में सरकार नाम की कोई चीज है. रामकृपाल यादव ने इस पूरे मामले में गृह मंत्री अमित शाह से हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है.

उधर जदयू एमएलसी गुलाम गौस ने भी पूरे घटनाक्रम पर दुख जाहिर करते हुए कहा कि बिहार ने अपना एक जांबाज पुलिस अफसर खो दिया है. उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम पर केंद्रीय गृह मंत्रालय को संज्ञान लेना चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति ना हो.

इस बीच किशनगंज थाना अध्यक्ष अश्विनी कुमार की हत्या पर बिहार पुलिस एसोसिएशन ने नाराजगी जाहिर की है. एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह ने कहा कि बंगाल में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है. उन्होंने इंस्पेक्टर की हत्या पर केंद्रीय गृह मंत्रालय से हस्तक्षेप करने और मृतक के परिजनों को बिहार और भारत सरकार से मदद की अपील की है.
वहीं, इस मामले में बिहार के डीजीपी एसके सिंघल ने पश्चिम बंगाल के डीजीपी से बात की है. डीजीपी ने News 18 को बताया कि उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली है. उन्होंने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि शहीद इंस्पेक्टर के परिजनों को मदद दी जाएगी.

Leave a Reply