मुख्यमंत्री ने डॉक्टर समेत मेडिकल स्टाफ की तारीफ की, कहा-आप हमारे सुपर हीरो

अहमदाबाद | कोरोना संक्रमण के महाविकट समय में गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने फ्रंटलाइन वॉरियर्स स्वास्थ्यकर्मियों की तारीफ करते हुए उन्हें असली नायक करार दिया है| सोशल मीडिया के जरिए लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्यकर्मियों का मनोबल बढ़ाने का प्रयास करते हुए इस विषम परिस्थितियों में उनके प्रयासों की सराहना की| स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों से कोरोना हारेग और गुजरात जीतेगा| उन्होंने कहा कि पिछले एक साल से गुजरात समूचा देश कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ रहा है| देश का प्रत्येक व्यक्ति कोरोना से संघर्ष कर रहा है| लेकिन महामारी के खिलाफ मानवता की लड़ाई में सबसे बड़ा योगदान डॉक्टर, नर्स, मेडिकल, पेरामेडिकल स्टाफ का है| आज गुजरात की साढ़े छह करोड़ जनता की ओर से सभी डॉक्टर, नर्स, मेडिकल और पेरामेडिकल स्टाफ का अभिनंदन करते हुए उनका आभार व्यक्त करता हूं| उन्होंने कहा कि फ्रंटलाइन वॉरियर्स के प्रति जितना आभार व्यक्त करें, वह कम है| उन्हें कोटि कोटि वंदन करना चाहिए| आपके ही कारण गुजरात कोरोना के खिलाफ पिछले एक साल से लड़ाई लड़ रहा है और आज भी लड़ रहा है| आपके कारण ही लाखों लोगों की जान बचाने में सफलता मिली है| मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी की शुरुआत से स्वास्थ्यकर्मी अपना सर्वस्व न्यौछावर कर जान की बाजी लगाकर लोगों की सेवा में जुटे हुए हैं| संक्रमित मरीजों के लिए दिन-रात दिए| बिना थके, बिना हारे और बिना रुके दूसरे की सेवा को अपना कर्त्तव्य पालन करने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों ने अपने परिवार की चिंता नहीं की| जिसमें कई डॉक्टर, नर्स समेत मेडिकल स्टाफ के सदस्य ने अपनी जान भी गंवा दी| ऐसे लोगों को बलिदान गुजरात कभी भुला नहीं सकता| कोरोना संक्रमित मरीजों की सेवा में अपनी जान गंवाने वाले वॉरियर्स का गुजरात हमेशा ऋणी था और रहेगा| स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों से एक समय ऐसा भी आया था जब हम कोरोना के खिलाफ करीब करीब जंग जीत गए थे| लेकिन आज फिर एक बार स्थिति गंभीर हो गई है, संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है और ऐसे में फिर एक बार राज्य के लोग आप की ओर उम्मीदों के साथ देख रहे हैं| मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं आप की मनोदशा समझ सकता हूं, क्योंकि मैंने आप के संघर्ष को काफी करीब से देखा है| आप पिछले एक साल से सामान्य जीवन नहीं जी पा रहे और न ही परिवार को समय दे पा रहे हैं| यह कोई तपस्या से कम नहीं है| आप लोग जो भी कर रहे हैं वह असामान्य है| मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लड़ाई लंबी चलेगी और आखिरकार आप भी मनुष्य हैं| स्वाभाविक है कि इतनी लंबी लड़ाई के दौरान कभी थकावट और निराशा हो सकती है| हम कोरोना के खिलाफ लड़ रहे हैं और एक दिन पर इस पर विजय पाकर रहेंगे| अब हमारे पास वैक्सीन स्वरूप हथियार भी आ गया है और टीकाकरण तेजी से चलाया जा रहा है| जल्द से जल्द टीकाकरण कर इस महामारी से बाहर निकल सकेंगे, ऐसा मुझे पूर्ण विश्वास है| रूपाणी ने कहा कि जल्द ही अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा, परंतु तब सभी की उम्मीदें आप पर टिकी हैं| मौजूदा स्थिति को देख हमे निराश होने या थकने की जरूरत नहीं है| सभी साथ मिलकर कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ेंगे और अंत में मानवता की ही जीत होगी| मुख्यमंत्री ने कहा कि आप हमारे लिए सुपर हीरो हैं|
