कोरोना संक्रमण के चलते गुजरात में सभी बैंकों के कामकाज का समय घटाया गया

अहमदाबाद | गुजरात सरकार ने राज्य में सभी बैंकों के कामकाज का समय घटा दिया है| महागुजरात बैंक एम्प्लोय एसोसिएशन की मांग पर राज्य सरकार ने यह फैसला किया है| आज यानी गुरुवार से राज्यभर में बैंकों में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक 50 प्रतिशत स्टाफ के साथ कामकाज होगा| अन्य स्टाफ घर से काम करेगा| बैंकों में रुपए जमा कराने और निकाल समेत ट्रांसफर करने की सुविधाएं बदस्तूर जारी रहेंगी| बैंक आनेवाले वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता दी जाएगी| ग्राहकों को किसी प्रकार की मुश्किल नहीं हो इसके लिए बैंकों को एटीएम में पर्याप्त मात्रा में कैश लोड करनी होगी, ताकि डिजिटल बैंकिंग में कोई तकलीफ नहीं हो| आज यानी 21 अप्रैल से 30 अप्रैल तक बैंकों में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक कामकाज होगा| दरअसल ऑल इंडिया बैंक एम्प्लोय एसोसिएशन की गुजरात इकाई ने मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को पत्र लिखकर कोरोना संक्रमण को देखते हुए बैंकों में कामकाज का समय घटाने की मांग की थी| मुख्यमंत्री राज्यस्तरीय बैंकिंग समिति के चेयरमैन भी हैं| कर्मचारी यूनियनों का कहना है कि गुजरात में अब तक 15000 जितने बैंककर्मी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं और दूसरी लहर में एक महीने के भीतर 30 जितने कर्मचारियों की जान चली गई है| ऐसे में बैंक कर्मचारियों को बैंक में आनेवाले ग्राहकों से बातचीत करने में भी डर लगता है| मौजूदा स्थिति को देखते हुए महागुजरात बैंक कर्मचारी एसोसिएशन ने सरकार से कामकाज के समय में कटौती करने और अतिरिक्त छुट्टियां देने की मांग की थी| गुजरात में करीब 9900 बैंक शाखाओं में 50000 से कर्मचारी कार्यरत हैं| 

Leave a Reply