सिर्फ 25 दिन में जुटाए 18 करोड़ रुपए; राशि से ऑक्सीजन कांस्ट्रेटर, सेवा वाहन, एम्बुलेंस खरीदी गई

रेमडेसिविर की कालाबाजारी और अस्पतालों में बेड, दवाई आदि के लिए अधिक रुपए वसूले जाने की खबरों के बीच इंदौर ने कोरोना काल में सेवा की अनूठी मिसाल कायम की है। दूसरी लहर के इन 25 दिनों में ही 18 करोड़ रुपए से ज्यादा राशि विभिन्न संगठनों और समाजसेवियों ने कोरोना से लड़ने में खर्च की है। और यह सिलसिला लगातार जारी है।

इस राशि से ऑक्सीजन कांस्ट्रेटर मशीनें खरीदी गई हैं, जो लोगों को नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। सेवा वाहन, एम्बुलेंस जुटाई गई हैं। मेडिकल उपकरण बैंक बनाए गए हैं, जहां से जरूरत पड़ने पर लोगों को घर पहुंच नि:शुल्क सेवा दी जा रही है। ऑक्सीजन सिलेंडर, मास्क, सैनिटाइजर और दवाइयों के लिए मदद की पूरी चेन बन गई है। कम दरों पर सीटी सहित तमाम जांच कराने, जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने जैसी तमाम गतिविधियां इंदौर अपने बलबूते पर चला रहा है।

एक आवाज पर मिल रही सभी जरूरी मदद

ऑक्सीजन प्लांट के लिए आधे घंटे में इकट्‌ठा किए सवा करोड़

कलेक्टर मनीष सिंह के साथ रेसीडेंसी में हुई प्रमुख संस्थाओं व संगठनों की बैठक में ऑक्सीजन प्लांट के लिए आधे घंटे में ही सवा करोड़ रुपए इकट्‌ठा कर लिए गए। अगले दिन राशि ढाई करोड़ पर जा पहुंची। इससे कोविड सेंटर पर दो प्लांट बन रहे हैं।

महावीर जयंती उत्सव की राशि मेडिकल उपकरण में खर्च की

महावीर जयंती जुलूस और स्वामी वात्सल्य की राशि सेवा के लिए रख ली गई। दोनों समाज ने 10-10 ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर मशीनें व अन्य जरूरी उपकरण खरीदेंगे। दिगंबर जैन समाज ने 200 बेड का होस्टल कोविड केयर सेंटर को देने को तैयार है, जिसका खर्च समाज उठाएगा।

किल्लत देख अग्रवाल समाज ने ऑक्सीजन बैंक ही बना दिया

ऑक्सीजन की कमी के बीच अग्रवाल समाज ने 251 ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर मशीनें खरीद रहा है। इसकी बुकिंग कर दी गई है। मई के पहले सप्ताह से ये मशीनें आने लगेंगी। इन्हें लोगों को नि:शुल्क दिया जाएगा।

केयर सेंटर के लिए संस्थाओं ने जुटाए साढ़े सात करोड़ रुपए

राधास्वामी सत्संग ब्यास में बनाए गए अस्थाई कोविड केयर सेंटर के लिए 30 संस्थाएं, 270 लोगों ने साढ़े सात करोड़ रुपए की धनराशि दी। इसमें से चार करोड़ रुपए तो महज दो दिन में जुटाए गए।

इस वक्त की बड़ी जरूरत; अस्पतालों में बेड का लाइव अपडेट दे रहे युवाओं के ग्रुप

इन दिनों अस्पताल में बेड को लेकर सबसे ज्यादा मारामारी चल रही है। इसे देखते हुए विभिन्न संस्थाओं और युवाओं के ग्रुप ने अनूठी पहल की है। कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर आधा दर्जन से ज्यादा ग्रुप अस्पतालों में बेड की लाइव अपडेट दे रहे हैं। किसी अस्पताल में बेड खाली होते ही उसकी सूचना दे दी जाती है, इससे लोगों को काफी राहत मिली है। इसके अलावा 1075 कॉल सेंटर जारी है।

आईआईएम इंदौर प्लाज्मा डोनेशन के लिए एक वेबसाइट चला रहा है, जिसमें डोनर आदि की जानकारी साझा की जा रही है। गुरुजी सेवा न्यास, महावीर मेडिकल इक्यूपमेंट बैंक, पूर्ण अभ्युदय संगठन, नीलवर्णा पार्श्व नाथ कंचनबाग ट्रस्ट, श्वे. जैन महासंघ, क्रेडाई, नरेडको, इंदौर केमिस्ट एसोसिएशन, वैश्य महासम्मेलन, जिला माहेश्वरी समाज सहित 30 से ज्यादा सामाजिक, राजनीतिक व व्यापारी संगठन सेवा गतिविधियों में संलग्न है।

Leave a Reply