सऊदी अरब के शाह ने वरिष्ठ शहजादे को किया बर्खास्त …

रियाद : सऊदी अरब के शाह सलमान ने भ्रष्टाचार के खिलाफ नई समिति बनाने के ऐलान के साथ नेशनल गार्ड की अगुआई करने वाले एक प्रमुख शहजादे को बर्खास्त कर दिया है. बर्खास्त किए गए शहजादे की जगह पर सुरक्षा और आर्थिक ओहदों के लिए दो नए मंत्रियों की नियुक्ति की गई है.

 

सऊदी अरब के अल अराबिया समाचार चैनल ने शनिवार देर शाम यह खबर दी कि देश के शक्तिशाली वली अहद शहजादे (क्राउन प्रिंस) मोहम्मद बिन सलमान की अगुआई में भ्रष्टाचार की नई जांच में 11 शहजादों और दर्जनों पूर्व मंत्रियों को हिरासत में लिया गया है. मोहम्मद को नई समिति की निगरानी करने के लिए नामित किया गया है.

 

अल अराबिया की खबर के मुताबिक, समिति वर्ष 2009 में जेद्दा में आई विनाशकारी बाढ़ की तहकीकात करने के अलावा, मिडिल ईस्ट रेस्पिरेटोरी सिंड्रोम (एमईआरएस) संक्रमण पर सऊदी सरकार की प्रतिक्रिया की भी जांच कर रही है. इस संक्रमण ने पिछले कुछ वर्षों में सैकड़ों लोगों की जान ली है. इस बीच, सऊदी अरब के उलेमा की शीर्ष परिषद ने एक बयान जारी कर कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ना इस्लामी फर्ज है. इतनी उच्च स्तरीय गिरफ्तारियों के लिए मजहबी नेताओं का समर्थन जरूरी है.

 

सरकार ने कहा कि भ्रष्टाचार रोधी समिति को गिरफ्तारी वारंट जारी करने, यात्रा प्रतिबंध लगाने और बैंक खातों पर रोक लगाने के अधिकार हैं. यह समिति कोष का पता लगा सकती है, कोष के स्थानातंरण को रोक सकती है और अन्य एहतियाती उपाय कर सकती है जब तक कि मामलों को न्यायपालिका में ना भेजा जाए.

Leave a Reply