मुंबई में किताबों का महाकुंभ शुरू, 600 से ज्यादा स्टॉल और 400 से अधिक प्रकाशक ले रहे हिस्सा

मुंबई। विश्वविद्यालय के विद्यानगरी परिसर, कालिना में हजारों की संख्या में विद्यार्थी जुटे हैं। कैंपस में किताबों का महाकुंभ सजा है, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री के करकमलों से हुआ। युवाओं की यह भागीदारी देखकर यह स्पष्ट होता है कि नई पीढ़ी में अभी भी पढ़ने और किताबों के प्रति लगाव जीवित है।

इस आयोजन का उद्देश्य देश की युवा पीढ़ी को पुस्तकों की ओर प्रेरित करना और उनका स्क्रीन टाइम घटाना है। इसी लक्ष्य के तहत परिसर में 600 से अधिक स्टॉल स्थापित किए गए हैं, जिनमें 400 से ज्यादा प्रकाशक भाग ले रहे हैं। बाल वर्ग से लेकर युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों तक के लिए विविध भाषाओं में यहां अनेक ज्ञानवर्धक और रोचक पुस्तकों का संग्रह उपलब्ध है। मुंशी प्रेमचंद से लेकर ओशो तक, अब्दुल कलाम से आइंस्टाइन तक और स्पाइडर मैन से डॉक्टर डूम्स तक हर विधा की पुस्तकें मुंबई पुस्तक महोत्सव का मुख्य आकर्षण बनी हुई हैं। इसके अलावा रचनाकारों के साथ संवाद, साहित्यिक सत्र, पुस्तकों का लोकार्पण और थीम आधारित प्रदर्शनियां भी आयोजित की जाएंगी।

महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ सांस्कृतिक कार्य मंत्री एडवोकेट आशीष शेलार, कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े, पुलिस आयुक्त देवेन भारती, महापौर रितु तावड़े, न्यास के अध्यक्ष मिलिंद मराठे, निदेशक युवराज मलिक, मुख्य आयोजक अमित साटम, मुख्य संयोजक आचार्य पवन त्रिपाठी और मुंबई विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवींद्र कुलकर्णी उपस्थित रहे।

संस्कृतियों का संगम

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मराठी साहित्य और मराठी संस्कृति मुंबई की आत्मा है। इसके साथ ही महानगर ने कोंकणी, अंग्रेजी, हिंदी, उर्दू, सिंधी समेत अन्य भाषाओं की परंपराओं को भी समान रूप से आत्मसात किया है। इसी कारण मुंबई को संस्कृतियों का संगम कहा जाता है, जहां विविध विचार और परंपराएं मिलकर एक विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान गढ़ती हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई की इस समृद्ध सांस्कृतिक विरासत में इतने बड़े पैमाने पर आयोजित होने वाले पुस्तक महोत्सव का अभाव था, जो आज से पूरा हो गया है।

पुस्तक महोत्सव में पाठकों को विभिन्न विषयों पर बेहतरीन किताबें चुनने का अवसर मिल रहा है। पुस्तकें खरीदने के साथ ही अलग-अलग आयु वर्ग के लोग विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आनंद उठा रहे हैं। यह आयोजन विद्यार्थियों में पठन-पाठन की आदत विकसित करने में भी अहम भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply