AAP विधायक अनिल वाजपेयी भाजपा में शामिल, केजरीवाल ने किया था ‘अपमान’

नई दिल्ली: आम चुनाव-2019 के तहत दिल्ली में आगामी 12 मई को सातों सीटों पर मतदान होना है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल जोर-शोर से प्रचार में जुटे हैं। इस बीच आम आदमी पार्टी (AAM AADMI PARTY) के लिए बुरी खबर आई है। दरअसल, पूर्वी दिल्ली की ग़ांधी नगर सीट से विधायक व पूर्वी ज़िला विकास समिति के चेयरमैन अनिल वाजपेयी शुक्रवार दोपहर भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) में शामिल हो गए। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर AAP के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि जब मतदान में 10 दिन से भी कम समय बचा हो, ऐसे में पार्टी के विधायक का भाजपा में जाना केजरीवाल के चिंता का सबब जरूर है। 

मिली जानकारी के मुताबिक, गांधी नगर के विधायक अनिल वाजपेयी आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं दिल्ली प्रभारी श्याम जाजू, केंद्रीय राज्य मंत्री विजय गोयल व अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर विधायकों से अपमानजनक व्यवहार करने, अपशब्द बोलने और करोड़ों रुपये की मांग करने का आरोप लगाया। कहा कि स्वाभिमान, मान सम्मान और प्रतिष्ठा से समझौता नहीं किया जा सकता है, इसलिए उन्होंने AAP छोड़ने का फैसला किया है।

चांदनी चौक की विधायक अलका लांबा का उदाहरण देते हुए उन्होंने दावा किया कि कई और विधायक AAP में घुटन महसूस कर रहे हैं, लेकिन वह आवाज नहीं उठा पा रहे हैं। समय आने पर वे सभी सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर वह भाजपा में शामिल हुए हैं। मोदी ने पूरे विश्व में भारत का नाम ऊंचा किया है। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक पर केजरीवाल और अन्य आप नेताओं द्वारा सवाल खड़ा करने से अन्य देशवासियों की तरह कई विधायक भी आहत हुए हैं।

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया द्वारा भाजपा पर आप के सात विधायकों को दस-दस करोड़ रुपये में खरीदने की कोशिश के आरोप को उन्होंने बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि आरोप लगाकर माफी मांगना केजरीवाल व उनके साथियों की आदत है। वाजपेयी ने कहा कि लगभग 15 वर्षों तक कांग्रेस में रहते हुए भी उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन किया है। वह अभी भी किराये के मकान में रहते हैं। लोगों ने चंदा देकर उन्हें विधानसभा का चुनाव लड़ाया था। अब उन्हें गांधी नगर मार्केट से वसूली करके लाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था।

विचारधारा से भटक गई AAP
वाजपेयी उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना हजारे के आंदोलन से प्रभावित होकर आप से जुड़े थे। आप अब अपनी विचारधारा से भटक गई है। जिस कांग्रेस के भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन करके केजरीवाल सत्ता में आए थे, उसी से गठबंधन करने को परेशान दिखे। सीएम बताएं भाजपा छोड़कर जाने वालों को कितने पैसे दिए : गोयल केंद्रीय राज्य मंत्री विजय गोयल ने कहा कि उत्तर पश्चिमी दिल्ली से आप प्रत्याशी गूगन ¨सह सहित कई नेता भाजपा व अन्य पार्टी को छोड़कर उनकी पार्टी में गए हैं। सीएम केजरीवाल को बताना चाहिए कि उन लोगों को अपनी पार्टी में शामिल करने के लिए कितने पैसे दिए हैं। वहीं श्याम जाजू ने कहा कि वाजपेयी के आने से पार्टी मजबूत हुई है। AAP मुखिया के तानाशाही रवैये से उनके विधायक परेशान हैं। वाजपेयी के साथ आप के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य गौरव शर्मा, AAP नेता वंदना रानी, संजय जैन, दीपक चौधरी, लक्ष्मण सेठ, दीपक हिन्दुस्तानी, अतुल चौधरी, राकेश कुमार, अमन सूद, विकास कौशिक सहित उनके कई समर्थक भाजपा में शामिल हुए।
 

Leave a Reply