बारापुला फेज-3 पर लग रहे जाम पर घिरी दिल्ली सरकार तो प्रवेश वर्मा ने दिया जवाब

नई दिल्ली। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा ने बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर में लग रहे जाम के लिए पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का डिजाइन पूर्व की सरकार के कार्यकाल में तैयार हुआ, उसी दौरान डिजाइन को मंजूरी दी गई और निर्माण कार्य शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि जब उनकी सरकार सत्ता में आई, तब तक परियोजना के 298 पिलर में से 288 पिलर का निर्माण हो चुका था। ऐसे में परियोजना के डिजाइन में बदलाव करना संभव नहीं था। प्रवेश वर्मा ने कहा कि परियोजना के लिए जगह की कमी नहीं थी। कॉरिडोर की चौड़ाई को दो-दो लेन तक और बढ़ाया जा सकता था। उन्होंने कहा कि बारापुला फेज-3 के आसपास पहले से ही दो चौड़े फ्लाईओवर हैं। एक तरफ एनएच-9 गुजरता है, जबकि दूसरी तरफ डीएनडी है। दोनों मार्गों की चौड़ाई भी काफी अधिक है। इसके बावजूद पूर्व की सरकार ने इस पहलू पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि अब बारापुला फेज-3 में जाम लगने को लेकर वीडियो बनाकर मौजूदा सरकार पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply