170 करोड़ की लागत से तैयार होगा ASF का नया ठिकाना, IG-DIG समेत अधिकारियों की टीम ने किया प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण

खंडवा। निमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा इंतजामों को और सुदृढ़ करने तथा तेज पुलिसिंग सुनिश्चित करने के मकसद से शहर में विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) बटालियन के गठन की कवायद तेज कर दी गई है। लगभग 170 से 175 करोड़ रुपये की इस अहम परियोजना को जमीन पर उतारने के लिए पुलिस व प्रशासन के अफसरों के संयुक्त दल ने सुरगांव निपानी में चिह्नित जमीन का मौका मुआयना किया।
निरीक्षण दल में इंदौर रेंज के आईजी अनुराग, एसएएफ डीआईजी अमित सिंह, कलेक्टर ऋषव गुप्ता और पुलिस अधीक्षक के साथ-साथ वन, जल संसाधन, राजस्व तथा उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।
निमाड़ और तीर्थनगरी ओंकारेश्वर की सुरक्षा होगी पुख्ता: आईजी
मौका मुआयने के पश्चात आईजी अनुराग ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री की घोषणा के मुताबिक बटालियन का लेआउट प्लान तैयार किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि दौरे के दौरान जल आपूर्ति, प्रशासनिक भवन, आवासीय परिसर और प्रशिक्षण क्षेत्र को लेकर विभिन्न विभागों के साथ समन्वय चर्चा की गई है। लगभग 170 से 175 करोड़ रुपये की इस योजना का प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय स्तर पर अंतिम विचार-विमर्श के बाद शासन की वित्तीय मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। बटालियन स्थापित होने से खंडवा को करीब 1,000 जवानों की अतिरिक्त फोर्स मिलेगी, जिससे बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, तीर्थनगरी ओंकारेश्वर और आसपास के औद्योगिक इलाकों में कानून-व्यवस्था तथा सुरक्षा अधिक मजबूत होगी।
डीपीआर स्वीकृति के अंतिम चरण में प्रोजेक्ट: कलेक्टर
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि बटालियन के लिए जमीन पहले ही आवंटित की जा चुकी है और वर्तमान में फेज-1 की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को स्वीकृति दिलाने की प्रक्रिया जारी है। कलेक्टर के अनुसार, स्थल पर आंतरिक मार्गों, पेयजल व्यवस्था और हाईटेंशन बिजली लाइनों को हटाने जैसे तकनीकी पहलुओं का अधिकारियों के साथ गहन अध्ययन किया गया है। फेज-1 और फेज-2 के तहत चरणवार कार्य तय कर शीघ्र ही बटालियन को साकार रूप दिया जाएगा।
वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से विकास को मिलेगी गति: मुकेश तनवे
निरीक्षण के दौरान उपस्थित भाजपा नेता मुकेश तनवे ने कहा कि खंडवा विधायक कंचन तनवे ने विधानसभा में इस मांग को प्रमुखता से रखा था। उन्होंने कहा कि खंडवा की संवेदनशीलता और सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए यह मांग कई दशकों से चली आ रही थी। बटालियन के बनने से न सिर्फ शांति व सुरक्षा को संबल मिलेगा, बल्कि इसके समीप आकार ले रहे नए औद्योगिक क्षेत्र के चलते स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और क्षेत्र के विकास के नए रास्ते भी खुलेंगे।
संवेदनशील इतिहास और 105 एकड़ भूमि का बैकग्राउंड
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक सुनील जैन ने कहा कि सुरक्षा के लिहाज से खंडवा का इतिहास काफी संवेदनशील रहा है और पर्व-त्योहारों के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की जरूरत महसूस होती रही है। उन्होंने बताया कि पहले सुरगांव निपानी में तय की गई करीब 105 एकड़ भूमि पर इस योजना को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। कुल 1,057 पदों के सृजन और बड़े बजट के साथ इस बटालियन के आकार लेने से पूरे निमाड़ संभाग को स्थायी सुरक्षा कवच उपलब्ध हो सकेगा।
