प्रयागराज में माफिया पर कार्रवाई से बदला माहौल, सीएम योगी ने गिनाईं उपलब्धियां

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज के एक चुनावी सम्मेलन में समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों के दौर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जाता था। उन्होंने कहा कि उस समय न तो समय पर नौकरियां निकलती थीं और यदि विज्ञापन आ भी जाते थे, तो वसूली का दौर शुरू हो जाता था। अयोग्य लोगों को आयोगों में महत्वपूर्ण पदों पर बैठाकर युवाओं के अधिकारों पर डाका डाला गया, लेकिन डबल इंजन की सरकार ने पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और योग्यता के आधार पर युवाओं को नौकरियां प्रदान की हैं।
पारदर्शी चयन प्रक्रिया और युवाओं का सशक्तीकरण
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि आज प्रयागराज के युवा और प्रतियोगी छात्र पूरी मुस्तैदी और मेहनत के साथ विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी में जुटे हैं। डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में पारदर्शी चयन प्रक्रियाओं के जरिए बड़े पैमाने पर युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जिससे युवाओं का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल जॉब सीकर नहीं रहा, बल्कि विभिन्न स्टार्टअप्स के माध्यम से वह जॉब गिवर भी बन रहा है।
डबल इंजन सरकार द्वारा माफिया पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जिन लोगों ने प्रयागराज और प्रदेश के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था, डबल इंजन सरकार ने उन्हें पूरी तरह से नेस्तनाबूद कर दिया है। आज प्रयागराज की धरती पर माफिया मिट्टी में मिल चुके हैं। उन्होंने कहा कि जब यूपीएससी के परिणाम आते हैं, तो प्रयागराज की बेटियां टॉप करके इस पावन नगरी के गौरव को और अधिक बढ़ाती हैं। सरकार ने युवाओं के लिए न केवल सरकारी नौकरियों के द्वार खोले हैं, बल्कि स्टार्टअप्स और मुख्यमंत्री युवा योजना के जरिए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का भी काम किया है।
संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक विधान परिषद चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए समर्थित प्रत्याशी अशोक राठौर को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने मतदाताओं से आह्वान किया कि वे 23 अक्तूबर को होने वाले मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में अपना मत दें। इस कार्यक्रम में उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, राज्य मंत्री कृष्णा पासवान, सांसद प्रवीण पटेल, राज्यसभा सांसद राधामोहन दास ओझा, महापौर गणेश केसरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वी.के. सिंह और विधान परिषद सदस्य मानवेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
