दिवाली से पहले राजस्थान में रेलवे ट्रैक को उड़ाने की कोशिश? जांच में जुटी एजेंसियां

श्रीगंगानगर। दिवाली पर्व से पूर्व जिले के रामसिंहपुर क्षेत्र में मंगलवार देर रात रामसिंहपुर-अनूपगढ़ रेलवे लाइन पर एक संदिग्ध ब्लास्ट होने से अफरा-तफरी मच गई। रात करीब सवा दस बजे हुए इस भीषण विस्फोट की आवाज 58 जीबी सहित आसपास के कई ग्रामीण इलाकों तक सुनाई दी। गनीमत यह रही कि धमाके से कुछ समय पूर्व ही इस ट्रैक से ट्रेन गुजरी थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अमला और रेलवे अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में एफएसएल जांच शुरू

घटना की गंभीरता को देखते हुए श्रीगंगानगर जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर, एडीएम अनूपगढ़ अशोक सागवा, जैतसर के नायब तहसीलदार अंकित गोदारा और रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर (पीडब्ल्यूआई) नवल किशोर सहित सीआईडी अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे। एसपी हरिशंकर ने बताया कि रेलवे लाइन के ठीक मध्य में संदिग्ध ब्लास्ट हुआ है। धमाके के कारणों और इसकी प्रकृति का सटीक पता लगाने के लिए एफएसएल टीम से वैज्ञानिक जांच कराई जा रही है तथा पुलिस सभी संभावित दृष्टिकोणों से मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।

रेल यातायात सुरक्षित, जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति

रेलवे प्रशासन भी इस घटना के बाद पूरी तरह सतर्क हो गया है। सीनियर डीसीएम के अनुसार, जिस समय यह घटना हुई उस दौरान संबंधित ट्रैक पर कोई ट्रेन मौजूद नहीं थी, जिससे रेल यातायात प्रभावित होने से बच गया। रेलवे और पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप से ट्रैक को पहुंचे संभावित नुकसान का आंकलन कर रहे हैं। जांच एजेंसियों की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही ब्लास्ट की वास्तविक प्रकृति और कारणों का पूर्ण खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply