भारत को ऑस्ट्रेलिया लौटाएगा 200 करोड़ का चोरी हुआ खजाना

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया ऑस्ट्रेलिया दौरे के ठीक बाद दोनों देशों के कूटनीतिक और सांस्कृतिक संबंधों में एक बेहद ऐतिहासिक मोड़ आया है। दुनिया के एक बेहद शक्तिशाली देश ऑस्ट्रेलिया ने भारत के साथ अपनी गहरी दोस्ती का अनूठा सबूत देते हुए बिना किसी औपचारिक मांग के भारत से चोरी हुआ अरबों का खजाना लौटाने का ऐलान किया है। ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्री टोनी बर्क ने वैश्विक मंच पर स्पष्ट किया है कि भारत की प्राचीन अमानत को अपने पास रखना नैतिक रूप से गलत है। उन्होंने कहा कि उनका देश अब खुद आगे बढ़कर अपने सभी संग्रहालयों की सघन जांच करेगा और वहां मौजूद भारत की बेशकीमती मूर्तियों और ऐतिहासिक विरासतों को ढूंढ-ढूंढकर ससम्मान वतन वापस भेजेगा।
यह पूरा घटनाक्रम तब गति पकड़ गया जब ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने पीएम मोदी के दौरे के वक्त कई प्राचीन भारतीय कलाकृतियों को सौंपने की घोषणा की थी। गृह मंत्री टोनी बर्क ने इसे महज एक कूटनीतिक औपचारिकता मानने से इनकार करते हुए कहा कि किसी भी देश को चोरी को जायज नहीं ठहराना चाहिए। यदि आपके पास कोई ऐसी चीज है जो कानूनी तौर पर आपकी नहीं है, तो उसे अपने पास रखना चोरी ही कहलाता है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की नेशनल गैलरी का उदाहरण दिया, जिसने अतीत में भगवान शिव की एक प्राचीन मूर्ति का दावा सही न पाए जाने पर उसे तुरंत भारत को लौटा दिया था। अब ऑस्ट्रेलिया इस प्रक्रिया को और आसान बना रहा है ताकि भारत को अपनी ही धरोहरों के लिए लंबी कानूनी लड़ाई न लड़नी पड़े।
भारत की ये अनमोल धरोहरें अंतरराष्ट्रीय तस्कर सुभाष कपूर के एक बड़े नेटवर्क के जरिए सात समंदर पार पहुंची थीं। इस रैकेट ने भारत के सुदूर इलाकों और विशेष रूप से तमिलनाडु के चोल काल के ऐतिहासिक मंदिरों से प्राचीन मूर्तियां चुराकर उनके फर्जी मालिकाना हक और जाली कागजात तैयार किए थे। ऑस्ट्रेलिया की नेशनल गैलरी ऑफ ऑस्ट्रेलिया जैसी बड़ी संस्थाओं ने उस वक्त इन दस्तावेजों को वैध मानकर भारी-भरकम रकम चुकाई थी। अंतरराष्ट्रीय ब्लैक मार्केट में इन ऐतिहासिक कलाकृतियों की कुल कीमत आज 200 करोड़ रुपए से भी कहीं ज्यादा आंकी गई है। ऑस्ट्रेलिया के इस कदम से स्पष्ट है कि वह भारत के साथ अपने सांस्कृतिक रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर ले जाना चाहता है, जिससे आने वाले महीनों में कई और दुर्लभ मूर्तियां भारत वापस लौटती दिखाई देंगी।

Leave a Reply