दुर्गा विसर्जन की कवरेज पर रोक, मुंबई पुलिस के आदेश से चर्चा तेज

मुंबई। मुंबई पुलिस ने आगामी 20 से 22 अक्टूबर तक होने वाले दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान तैरती या आधी डूबी प्रतिमाओं की तस्वीरें और वीडियो लेने तथा उनके प्रसारण पर पूरी तरह रोक लगा दी है। कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक शांति बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
प्रतिबंध के पीछे की वजह
पुलिस उपायुक्त (ऑपरेशंस) अकबर पठान ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 163 के तहत यह आधिकारिक आदेश जारी किया है। विसर्जन के दौरान कई बार अधूरी घुली हुई प्रतिमाएं ज्वार के बहाव के कारण तटों पर आ जाती हैं या पानी में तैरती हुई नजर आती हैं, जिन्हें बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के कर्मचारी दोबारा विसर्जन के लिए पानी से बाहर निकालते हैं। पुलिस का मानना है कि ऐसी स्थिति की तस्वीरें या वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं और शहर की सार्वजनिक शांति तथा कानून-व्यवस्था पर असर पड़ सकता है। इसी आशंका को देखते हुए प्रशासन ने विसर्जन के इन तौर-तरीकों को रिकॉर्ड करने और प्रसारित करने पर प्रतिबंध लगाया है।
