ग्वारीघाट से ओमती जा रही कांवड़ यात्रा में बवाल, गन छीनने पर पुलिस से भिड़े युवक

जबलपुर। चारधाम यात्रा और धार्मिक आयोजनों के बीच जबलपुर में कांवड़ यात्रा के दौरान एयर गन से फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। नर्मदा जल लेकर जा रहे कुछ युवकों द्वारा सरेराह एयर गन से हवाई फायर किए जाने के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस और कांवड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की देखने को मिली।
भीमनगर क्षेत्र में युवक ने की एयर गन से फायरिंग
यह मामला ग्वारीघाट से ओमती की ओर जा रही कांवड़ यात्रा के दौरान भीमनगर क्षेत्र में घटित हुआ। यात्रा में शामिल एक युवक ने अचानक एयर गन से फायरिंग कर दी। आवाज सुनते ही सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मी तुरंत हरकत में आए और भीड़ के बीच पहुंचकर युवक से गन जब्त कर ली।
पुलिस और कांवड़ियों के बीच धक्का-मुक्की, वीडियो वायरल
गंगट और एयर गन छीने जाने के बाद कांवड़ यात्रा में शामिल कुछ युवक उग्र हो गए और पुलिसकर्मियों से बहस करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पुलिस व युवकों के बीच तीखी धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान भीड़ ने पुलिसकर्मियों से बंदूक वापस छीनने का प्रयास भी किया। हालांकि, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप और अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ और यात्रा को आगे के लिए रवाना किया गया। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर उपद्रवी युवकों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
