Damoh by election : वोटिंग शुरू, दिग्विजय सिंह ने कहा- टिकाऊ को जिताएं, बिकाऊ को नहीं

दमोह. दमोह विधानसभा के उपचुनाव में चुनाव प्रचार थमने के बाद पार्टियों ने जीत के लिए हर हथकंड़े अपनाने शुरू कर दिए हैं. शुक्रवार दोपहर श्याम नगर स्थित क्लब हाउस के बाहर खड़ी मप्र शासन लिखी गाड़ी में कांग्रेसियों ने रुपए होने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया. बाद में यह कार पुलिस की मौजूदगी में तेजी से बाहर निकाल दी गई. यह कार नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्रसिंह के दफ्तर की है और सहायक को आवंटित है. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि पुलिस ने अपनी कस्टडी में लेकर गाड़ी को रफूचक्कर करवा दी. चुनाव आयोग मूक दर्शक बना हुआ है, चुनाव आयोग भाजपा का पिट्ठू है. सुप्रीम कोर्ट इस मामले में संज्ञान लेना चाहिए. मामले की खबर मिलते ही कोरोना पॉजिटिव होने की वजह से क्वारेंटाइन किए गए कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन मौके पर पहुंचे और भीड़ के बीच मौजदू रहे. हालांकि उनके भाई डॉ. अनिल टंडन का कहना है कि दोबारा कोरोना जांच में प्रत्याशी अजय टंडन की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है. अब सवाल यह है कि कोरोना की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के दूसरे ही दिन प्रत्याशी भीड़ के बीच कैसे आ सकते हैं. नियमानुसार उन्हें होम क्वारंटाइन में ही होना चाहिए.
