श्रद्धा हत्याकांड मामले में हथियार की तलाश कर रही दिल्ली पुलिस नहीं मिली कामयाबी.. 

Shraddha Murder Case : श्रद्धा वालकर हत्याकांड मामले की जांच में दिल्ली पुलिस ने अपना पूरा दम लगाया हुआ है। पूरे देश की निगाहें इस सनसनीखेज हत्याकांड पर टिकी हुई हैं। खुद दिल्ली पुलिस आयुक्त ने गंभीरता से मामले की जांच करने का आदेश दिया हुआ है। शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस की एक टीम आरोपी आफताब अमीन पूनावाला को लेकर मेटल डिटेक्टर के साथ गुरुग्राम पहुंची। पुलिस ने कई घंटे डीएलएफ फेज-2 के खाली प्लॉट और जंगलों की खाक छानी। पुलिस को आशंका है कि वारदात में इस्तेमाल हथियार को आफताब ने यहां ठिकाने लगाया है, लेकिन पुलिस को कामयाबी नहीं मिली और दोपहर बाद उसे खाली हाथ लौटना पड़ा। 

मामले की जांच कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि चूंकि छतरपुर पहाड़ी इलाके से जंगल बेहद नजदीक है, ऐसे में इस बात की ज्यादा संभावना है कि आफताब ने श्रद्धा की हत्या करने के बाद उसके शव के ज्यादातर टुकड़ों को महरौली के जंगल में ठिकाने लगाया हो। इसी वजह से पुलिस का फोकस महरौली इलाके में ज्यादा है। शनिवार सुबह 20-25 जवानों की टीम ने महरौली के जंगलों में जाकर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन वहां से भी पुलिस को कुछ नहीं मिला। 

दोपहर को एक बार फिर टीम को जंगल भेजा गया। शाम तक चली जांच के बाद एक बार फिर टीम खाली हाथ लौट आई। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आफताब बार-बार पुलिस को गुमराह कर रहा है। बेहद शातिर अपराधी की तरह वह सारी तरकीबें लगा रहा है, जिससे पुलिस को अंधेरे में रखा जा सके।

Leave a Reply