तेज हवाओं के बावजूद शुक्रवार की सुबह रिकॉर्ड हुई सबसे गर्म

नई दिल्ली। पहाड़ों पर सक्रिय हो रहे एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से तेज हवा तो चल रही है, लेकिन अभी भी तापमान सामान्य से ऊपर ही है।

आलम यह है कि अब शुक्रवार की सुबह इस सीजन की सबसे गर्म हो गई है। मौसम विभाग ने दिन में आंशिक बादल छाए रहने, धूप भी खिलने और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जारी किया है।

शुकवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा और इस सीजन में अभी तक का सबसे ज्यादा है। इससे पूर्व हाल ही में 27.5 डिग्री दर्ज किया गया था। अधिकतम तापमान 39 डिग्री रह सकता है।

रात के समय हल्की बारिश संभावित

मौसम विभाग का अनुमान है कि नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिन में बादलों की आवाजाही व 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चलने की संभावना है। रात के समय हल्की वर्षा या बूंदाबांदी भी संभावित है।

दूसरी तरफ दिल्ली की हवा अभी साफ चल रही है। सुबह नौ बजे दिल्ली का एक्यूआई 168 दर्ज किया गया जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है।

Leave a Reply