PAK W vs ZIM W मैच में दिखा फातिमा सना का विस्फोटक अंदाज

पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की युवा कप्तान फातिमा सना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया है। जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए तीसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में फातिमा ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसी के साथ वह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दुनिया की सबसे तेज हाफ सेंचुरी लगाने वाली धाकड़ बल्लेबाज बन गई हैं। मैच में उन्होंने केवल 19 गेंदों का सामना किया और 326.31 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से 62 रनों की आतिशी पारी खेली। अपनी इस विस्फोटक पारी के दौरान उन्होंने 10 बेहतरीन चौके और 2 गगनचुंबी छक्के भी जड़े।

फातिमा ने इस मामले में न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन, ऑस्ट्रेलिया की फोएबे लिचफील्ड और भारत की ऋचा घोष के साझा रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है, जिन्होंने 18-18 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया था।

जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर की धुनाई

मैच के 17वें ओवर में जब फातिमा सना क्रीज पर उतरीं, तो उन्होंने आते ही विरोधी गेंदबाजों पर धावा बोल दिया। उन्होंने मिचेल मावुंगा की गेंद पर करारा शॉट खेलकर अपना खाता खोला। इसके बाद पारी के 19वें ओवर में उन्होंने जिम्बाब्वे की गेंदबाज नोमवेलो सिबांडा के ओवर में 3 चौके और 2 छक्के उड़ाते हुए कुल 24 रन बटोरे।

कप्तान की इस आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत पाकिस्तान ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 223 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो महिला टी20आई इतिहास में पाकिस्तान टीम का दूसरा सबसे बड़ा टोटल है। इससे पहले इसी सीरीज के पहले मैच में पाकिस्तान ने 237 रन बनाए थे, जो उनका अब तक का सर्वोच्च स्कोर है। कप्तान के अलावा सायरा जबीन ने 32 गेंदों में नाबाद 50 रन और आयशा जफर ने 28 गेंदों में 45 रनों का उपयोगी योगदान दिया।

पूर्व कप्तान निदा डार का रिकॉर्ड भी टूटा

इस करिश्माई पारी के साथ फातिमा सना ने पाकिस्तान की ही पूर्व कप्तान निदा डार का नेशनल रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। निदा डार ने साल 2019 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 20 गेंदों में अर्धशतक जमाया था। साल 2026 में फातिमा सना का बल्ला जमकर बोल रहा है। वह इस वर्ष टी20 फॉर्मेट में पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं, जिन्होंने पिछली 5 पारियों में 206 के स्ट्राइक रेट से 229 रन कूट दिए हैं।

90 रनों पर सिमट गई जिम्बाब्वे की टीम

जीत के लिए मिले 224 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान जिम्बाब्वे की टीम पाकिस्तानी गेंदबाजों के आगे पूरी तरह बेबस नजर आई। जिम्बाब्वे की पूरी टीम महज 90 रनों पर ढेर हो गई। पाकिस्तान ने यह मुकाबला 133 रनों के विशाल अंतर से जीतकर सीरीज में अपना दबदबा कायम रखा है।

Leave a Reply