हर तरफ जमी बर्फ, जोबनेर में लगातार दूसरे दिन भी माइनस में रहा तापमान..

जयपुर | राजस्थान में ठंड इस बार अपने ही रिकॉर्ड तोड़ने को तैयार दिख रही है। इस बार सर्दी सितम पर सितम करे जा रही है। राजस्थान के सभी हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप है। लगातार दो दिन से तापमान माइनस में चल रहा है। कृषि विश्वविद्यालय जोबनेर में स्थित मौसम वेधशाला के अनुसार लगातार दूसरे दिन जयपुर के जोबनेर क्षेत्र में न्यूनतम तापमान माइनस 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, कल रविवार को भी न्यूनतम तापमान माइनस 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

ठंड का इस कदर है कि अलाव जलाकर सर्दी से बचाव के प्रयास भी कम लग रहे हैं। यहां के हालात देखकर ठंड का अंदाजा लगाया जा सकता है। माइनस में चल रहे तापमान के कारण खेत खलिहानों में रखे कृषि उपकरणों के ऊपर बर्फ जमी हुई है। फसलों पर जमी बर्फ की चादर साफ-साफ देखी जा सकती है। बर्फ के जमने से पत्ते ठोस हो गए हैं। मैदानी इलाकों में भी बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई दिखाई दे रही है। जोबनेर ग्रामीण क्षेत्रों के आसलपुर, बोराज, डयोढी, सिनोदिया, भैंसलाना इत्यादि जगहों पर भी ठोस बर्फ जमी हुई दिखाई दे रही है।
 
ठिठुरन और कड़ाके की सर्दी के कारण कई जिलों में छुट्टियां घोषित हो गई हैं। इस बीच उदयपुर में तीन दिन में 10 डिग्री तक तापमान में गिरावट आई है, जिसने कड़ाके की सर्दी का रूप ले लिया है। इसी की देखते हुए कई जिलों में तीन दिन तक स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक पश्चिम राजस्थान के कई स्थानों पर भीषण शीतलहर का प्रकोप है। इसकी वजह से न्यूनतम तापमान में जबरदस्त गिरावट आई है। प्रदेश में 20 जनवरी सर्दी का असर जारी रहेगा।

Leave a Reply