GWALIOR POLICE ने रेप की FIR नहीं लिखी, आरोपी ने पीड़िता को जिंदा जला दिया

ग्वालियर। थाटीपुर के सुरेश नगर क्षेत्र में एक महिला, उसके पति और 7 साल की मासूम बच्ची को जिंदा जला दिया गया। 10 दिन पहले पति के दोस्त ने महिला का रेप किया था। जिंदा जलाने की धमकी दी इसलिए पीड़ित दंपति डर कर चुप रहा। आरोपी ने जब दोबारा रेप करने की कोशिश की तो दंपति पुलिस के पास पहुंच गया है परंतु पुलिस ने कोई मदद नहीं की। आरोपी के हौसले बढ़ गए, वह घर में घुस आया और उसने पति-पत्नी और उनकी 7 वर्षीय मासूम बेटी को जिंदा जला दिया।

जिंदा जलाए जाने के बाद पुलिस ने रेप का मामला दर्ज किया
घटना थाटीपुर क्षेत्र के सुरेश नगर की है। पीड़िता और उसके पति व बच्ची को जेएएच की बर्न यूनिट में भर्ती किया गया है। तीनों की हालत गंभीर है। एएसपी सुमन गुर्जर और महिला तहसीलदार पीड़िता के बयान लिए। पुलिस ने बताया कि घटना में आरोपी विनोद कटारे निवासी भीमनगर थाटीपुर भी जल गया है। उसके परिचितों का कहना है कि वह निजी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस की दो टीमें शहर के सभी हॉस्पिटल में आरोपी की तलाश कर रही हैं। आरोपी पर दुष्कर्म और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।

पीड़ित महिला का बयान
31 अक्टूबर को मेरे पति दुकान पर गए थे और बच्चे ट्यूशन गए थे। शाम 4.30 बजे मैं घर में अकेली थी। इसी दौरान पति का दोस्त विनोद कटारे घुस आया। उसने मेरे साथ ज्यादती की। इसके बाद बोला कि अगर किसी से कुछ भी कहा तो जान से मार देगा। मेरे बच्चे कुछ देर बाद घर आ गए। रात में जब पति आए तो मैंने उन्हें घटना बताई। पति ने विनोद को फोन लगाया तो वह जिंदा जलाने की धमकी देने लगा। इससे मैं और मेरे पति डर गए। इसके बाद वह फिर कॉल करने लगा और मुझे मिलने के लिए बुलाने लगा। मैंने फोन उठाना बंद कर दिया तो पति को धमकाने लगा। रविवार को रातभर फोन करता रहा।

थाटीपुर थाने रिपोर्ट लिखाने गए थे, पुलिस वालों ने भगा दिया
जब हम परेशान हो गए तो सोमवार को पति शिकायत करने थाटीपुर थाने गए लेकिन सुनवाई नहीं हुई। उन्हें एक घंटे बाद आने की कहकर पुलिसकर्मियों ने टरका दिया। शाम करीब 5 बजे विनोद घर में पेट्रोल लेकर घुस आया। उसने मेरे पति के ऊपर पेट्रोल डाल दिया। मैं और बेटी पति को बचाने दौड़े तो उसने हम पर भी पेट्रोल डाल दिया और फिर आग लगा दी। 

उसमें भी आग लग गई, वह जलता हुआ बाहर की तरफ भागा
इस दौरान पेट्रोल उस पर भी गिर पड़ा तो उसमें भी आग लग गई। वह जलता हुआ बाहर की तरफ भागा। आसपास के लोगों ने हमारे ऊपर पानी डालकर आग बुझाई और फिर अस्पताल लाए। अगर पुलिस सुबह हमारी सुनवाई कर लेती और आरोपी को पकड़ लिया जाता और यह घटना नहीं होती।

पति-पत्नी की हालत गंभीर
पीड़िता और उसके पति की हालत गंभीर है। दाेनों को बोलने में भी परेशानी हो रही है। आरोपी के बारे में पता लगा है कि वह भी काफी जल गया है। पीड़िता की बेटी के दोनों हाथ जल गए हैं। आरोपी विनोद कटारे पर दुष्कर्म और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply