पहली बारिश में तबाही, जबलपुर में पेड़ गिरने से सड़कें जाम, मूंग की फसल नष्ट

जबलपुर: जबलपुर में मौसम की पहली ही तेज बारिश ने भारी कोहराम मचा दिया है। शहर के नेपियर टाउन में एमएलबी स्कूल के पास तेज आंधी-तूफान के कारण एक विशालकाय पेड़ भरभरा कर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से तीन कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इसी तरह ग्रामीण इलाकों में तेज बारिश के साथ भीषण ओलावृष्टि भी दर्ज की गई है, जिससे कुछ स्थानीय बाजारों में जलभराव की स्थिति बन गई। हालांकि, दोपहर में हुई इस दो घंटे की मूसलाधार बारिश ने पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान शहरवासियों को बड़ी राहत दी है और तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, तेज हवाओं के चलते शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।

बाल-बाल बची कार सवार की जान

दोपहर के समय काम के सिलसिले में घर से निकले स्थानीय निवासी शुभम जैन ने बताया कि जब वह निकले थे तब बेहद तेज धूप थी और उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि मौसम इतनी जल्दी बिगड़ जाएगा। दोपहर करीब 3:30 बजे अचानक तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। शुभम अपनी कार से एमएलबी स्कूल के पास से गुजर ही रहे थे कि अचानक उनके सामने एक बड़ा पेड़ गिर गया। गनीमत रही कि पेड़ कार के ठीक आगे गिरा, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई, हालांकि उनकी कार को काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं सड़क किनारे खड़ी दो अन्य कारें भी इस पेड़ की चपेट में आने से पूरी तरह पिचक गईं। इस तेज आंधी के कारण शहर में कई अन्य जगहों पर भी पेड़ गिरने और बिजली के खंभे टेढ़े होने की खबरें हैं, लेकिन राहत की बात यह है कि कहीं से भी किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है।

फसलों को नुकसान और आगामी सीजन के लिए फायदा

इस पहली तेज बारिश का खेती-किसानी पर मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। जबलपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में हुई ओलावृष्टि ने मूंग की खेती करने वाले किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिन खेतों में मूंग की फसल पक कर तैयार खड़ी थी या कटने के बाद रखी हुई थी, वह ओलों के कारण कुछ हद तक खराब हो गई है। स्थानीय किसान धर्म पटेल के मुताबिक, मूंग की फसल को तो नुकसान पहुंचा है, लेकिन जिन खेतों में अभी कोई फसल नहीं थी, वहां यह पानी आने वाले सीजन की धान की फसल के लिए बेहद मददगार साबित होगा। इस तेज बारिश से खेतों में अनचाही घास (खरपतवार) पहले ही उग आएगी, जिसे किसान आसानी से साफ कर सकेंगे और बाद में मुख्य फसल को इससे कम नुकसान होगा।

उमस भरी गर्मी से मिली बड़ी राहत

जबलपुर में पिछले कुछ दिनों से हल्की बूंदाबांदी तो हो रही थी, लेकिन उससे तापमान गिरने के बजाय हवा में उमस और बेचैनी काफी बढ़ गई थी। मगर आज हुई लगातार दो घंटे की झमाझम बारिश ने पूरे शहर का मौसम पूरी तरह बदल दिया है। तापमान में अचानक आई इस गिरावट से मौसम बेहद सुहाना हो गया और जैसे ही बारिश थमी, गर्मी से बेहाल लोग राहत की सांस लेते हुए मौसम का लुत्फ उठाने के लिए सड़कों और बाजारों में चहल-कदमी करते नजर आए।

Leave a Reply