एचडीएफसी बैंक ने तेज की नए एमडी-सीईओ की तलाश, आरबीआई को भेजे दो नाम

देश के सबसे बड़े निजी क्षेत्र के बैंक, एचडीएफसी बैंक के शीर्ष नेतृत्व में बड़े बदलावों की सुगबुगाहट तेज हो गई है। बैंक के बोर्ड ने प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के पद के लिए वरियता क्रम के आधार पर दो संभावित उम्मीदवारों के नामों की सूची को अंतिम रूप देकर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के पास मंजूरी के लिए भेज दिया है। शनिवार, 12 सितंबर 2026 को जारी एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, तीन साल के प्रस्तावित कार्यकाल के लिए इनके पारिश्रमिक का खाका भी केंद्रीय बैंक को सौंप दिया गया है।
नए एमडी और सीईओ के चयन की प्रक्रिया
बैंक के बोर्ड ने गवर्नेंस, नॉमिनेशन एंड रेमुनरेशन कमेटी की अनुशंसा पर अपनी हालिया बैठक में यह निर्णय लिया है। यह पूरी चयन प्रक्रिया बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट और आरबीआई के 'कमर्शियल बैंक्स – गवर्नेंस डायरेक्शंस, 2025' के प्रावधानों के तहत पूरी की गई है। हालांकि, विनियामक नियमों के चलते बैंक ने अभी सार्वजनिक रूप से इन नामों का खुलासा नहीं किया है, और आरबीआई की मोहर लगने के बाद ही आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
जिमी टाटा बने नए एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर
वित्तीय सेवा क्षेत्र में 35 वर्षों से अधिक का लंबा अनुभव रखने वाले और 1994 से बैंक से जुड़े चीफ क्रेडिट ऑफिसर जिमी टाटा को बोर्ड ने होल-टाइम डायरेक्टर नियुक्त करते हुए एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी यह नियुक्ति भारतीय रिजर्व बैंक से हरी झंडी मिलने की तिथि से अगले तीन वर्षों के लिए प्रभावी होगी।
नेतृत्व में अन्य अहम बदलाव और विस्तार
नेतृत्व पुनर्गठन की इस कड़ी में बोर्ड ने 66 वर्षीय वी श्रीनिवासन रंगन के कार्यकाल को भी 23 नवंबर 2026 से 22 नवंबर 2027 तक एक साल के लिए बढ़ाने की मंजूरी दी है। इसके अलावा, बैंक ने सहायक कंपनियों पर बेहतर नियंत्रण और सुदृढ़ उत्तराधिकार योजना तैयार करने के उद्देश्य से एमडी-सीईओ के अतिरिक्त एक नए होल-टाइम डायरेक्टर का पद सृजित करने का भी निर्णय लिया है, जिस पर नियुक्ति नए मुख्य कार्यकारी के कार्यभार संभालने के बाद होगी।
