Honor Killing प्रेम करने की सजा : बेटी और उसके प्रेमी की पिता ने पीट-पीटकर कर दी हत्या

सीकर. राजस्थान के इस जिले के खाटूश्यामजी थाना इलाके के मिलों की ढाणी में ऑनर किलिंग (Honor Killing) का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. मिलों की ढाणी के रहने वाले रामगोपाल मील नाम के व्यक्ति को जब अपनी बेटी के प्रेम- प्रसंग ( Love affair) का पता चला तो सबसे पहले उसने अपने साथियों के साथ उसके प्रेमी का अपहरण कर लिया. फिर उसे और उससे प्रेम करने वाली अपनी बेटी को साथियों के साथ पीट-पीटकर मार डाला (Beaten to death). दोनों की हत्या करने के बाद दोनों शव को जीण माता की पहाड़ियों में फेंक दिया.

खुद ही बेटी के अपहरण का दर्ज कराया था मामला

सीकर के  एसपी गगनदीप सिंगला ने बताया कि खाटूश्यामजी थाना अंतर्गत अलोदा गांव के रामगोपाल मील ने खाटूश्यामजी थाने में अपनी लड़की के अपहरण का मामला पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज करवाया था. इसी के साथ युवक राजेश के परिजनों ने भी राणोली थाने में नामजद पांच लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला व हत्या की आशंका जताते हुए मामला दर्ज करवाया. सीकर ग्रामीण सीओ राजेश आर्य ने तमाम मामले की जांच करते हुए लड़की के पिता रामगोपाल से सख़्ती से पूछताछ की.
उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिए गए दोनों शव 

रामगोपाल ने कबूल किया कि उसने ही दोनों की हत्या कर शवों को जीणमाता के जंगल में फेंक दिया है. पुलिस ने दोनों के शव बरामद कर सीकर कल्याण अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
एसपी गगनदीप सिंगला ने बताया कि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है लेकिन जल्द ही रामगोपाल और हत्याकांड में शामिल उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
 

Leave a Reply