एमपी नगर में भीषण सड़क हादसा, ट्राले की टक्कर से कार पलटी, चालक फरार

भोपाल: राजधानी के एमपी नगर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक तेज रफ्तार ट्राले ने कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार सड़क पर ही पलट गई। इस भीषण हादसे में कार सवार दो युवक बाल-बाल बच गए और उन्हें मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपी ट्राला चालक अपने वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

व्यापम चौराहे के पास मोड़ पर हुआ हादसा

एमपी नगर पुलिस के अनुसार, पिपलानी निवासी 22 वर्षीय लक्ष्मण गौड़ (पिता महेंद्र गौड़) अपने दोस्त अनिमेष यादव के साथ किसी निजी काम से कोलार की तरफ जा रहे थे। व्यापम चौराहे से 6 नंबर स्टॉप की ओर अपनी कार मोड़ते समय पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्राले (क्रमांक RJ 01 GC 0893) के चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

वाहन छोड़कर भागा ड्राइवर, पुलिस ने किया जब्त

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार में सवार दोनों युवकों को गंभीर चोटें नहीं आईं। हादसे के तुरंत बाद आरोपी ट्राला ड्राइवर पकड़े जाने के डर से वाहन को रास्ते पर ही छोड़कर मौके से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही एमपी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाया। पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्राले को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। कार चालक लक्ष्मण गौड़ की शिकायत पर पुलिस ने फरार ट्राला ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply