भारी बारिश में ढहा मकान का लेंटर, मलबे में दबकर दंपती की दर्दनाक मौत

कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा कस्बे के गांव बडोंदी में लगातार हो रही बारिश के कारण एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। खेत के पास बने बाड़े में बने कमरे का लेंटर अचानक गिर जाने से मलबे में दबकर पति-पत्नी की मौत हो गई। घटना का खुलासा मंगलवार सुबह उस वक्त हुआ, जब उनका बेटा हमेशा की तरह अपने माता-पिता के लिए चाय लेकर कमरे में पहुंचा।

सुबह बेटे ने देखा खौफनाक मंजर

जानकारी के अनुसार, मृतक करनैल सिंह (50) और उनकी पत्नी जसविंद्र कौर (45) रोजाना की तरह खेत के पास बने बाड़े में बने कमरे में सो रहे थे। मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब उनका बेटा चाय देने कमरे पर पहुंचा, तो वहां का मंजर देखकर सन्न रह गया। कमरे की छत (लेंटर) ढह चुकी थी और उसके माता-पिता कंक्रीट और मिट्टी के मलबे के नीचे दबे पड़े थे। बेटे के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर एकत्रित हो गए।

कटर और हथौड़ों से काटा गया कंक्रीट का लेंटर

ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचित किया। कंक्रीट के भारी लेंटर को हटाने के लिए ग्रामीणों ने हथौड़ों और कटर का सहारा लिया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला जा सका, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

बारिश के कारण दीवार धंसने से हुआ हादसा

प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस 15 बाय 15 फुट के कमरे में दंपति सो रहे थे, उसकी पिछली दीवार खेत की तरफ लगती थी। लगातार बारिश के कारण खेत की मिट्टी गीली होकर कमजोर पड़ गई, जिससे दीवार नीचे धंस गई। दीवार गिरते ही पूरी छत नीचे आ गिरी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक करनैल सिंह और जसविंद्र कौर ठेके पर जमीन लेकर खेती करते थे और अपने परिवार का गुजर-बसर करते थे। उनके पीछे तीन बच्चे—एक बेटा और दो बेटियां—छूट गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में परिवार पर एक और विपत्ति आई थी, जब उनकी एक बेटी का हाथ घास काटने वाली मशीन की चपेट में आकर कट गया था। उस हादसे के जख्म अभी भरे भी नहीं थे कि माता-पिता के साए से बच्चे महरूम हो गए।

पुलिस की कार्रवाई जारी

सूूचना मिलने पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक तौर पर हादसा अत्यधिक बारिश से दीवार धंसने के कारण हुआ प्रतीत होता है, फिर भी मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply