ICSE, ISC Result 2019: आज आ रहा 10th व 12th का परिणाम, बिहार में भी इंतजार

पटना । काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (आइसीएसई) 10वीं और 12वीं का रिजल्ट मंगलवार को दोपहर तीन बजे जारी करने जा रहा है। रिजल्ट बोर्ड की वेबसाइट www.cisce.org और www.results.cisce.org पर अपलोड किए जाएंगे। रिजल्ट को लेकर बिहार के आइसीएसई स्कूलों में चहल-पहल तेज है। परीक्षार्थियों के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन को भी रिजल्ट का इंतजार है।
परीक्षार्थी एसएमएस से भी रिजल्ट प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए छात्रों को अपनी कक्षा के साथ यूनिक आइडी 09248082883 पर मैसेज करना होगा। आइसीएसई के मुख्य कार्यकारी और सचिव गैरी अराथून ने बताया कि परीक्षा परिणाम जारी होने के 48 घंटे बाद छात्र इसे डिजी लॉकर से भी प्राप्त कर सकते हैं।
घट गए हैं पास मार्क्स
पिछले साल सीआईएससीई) ने आइसीएसई ने 10वीं के लिए पास मार्क्स 35 फीसद से घटाकर 33 फीसद तथा 12वीं का पास मार्क्स 40 फीसद से घटाकर 35 फीसद कर दिए थे। ऐसे में इस साल अधिक परीक्षार्थियों के उत्तीर्ण होने की उम्मीद है। बीते साल की बात करें तो 10वीं का परीक्षा परिणाम 98.51 फीसद रहा था। वहीं, 12वीं का परिणाम 96.21 फीसद था। गीते साल 12वीं में सात परीक्षार्थी टॉपर बने थे। जबकि, 10वीं में नवी मुंबई के स्वंय दास 99.40 फीसद अंकों के साथ टॉपर बने थे।
