डीयू के शताब्दी समारोह में पीएम ने कहा….हमारा लक्ष्य 2047 तक विकसित भारत का निर्माण 

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह में शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने डीयू कंप्यूटर सेंटर और प्रौद्योगिकी संकाय की इमारत और दिल्ली विश्वविद्यालय के अकादमिक ब्लॉक की आधारशिला रखी। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा एक समय था जब दिल्ली यूनिवर्सिटी में सिर्फ 3 कॉलेज थे, अब 90 से ज्यादा कॉलेज हैं। एक समय था जब भारत नाजुक अर्थव्यवस्थाओं की सूची में आता था और आज यह शीर्ष 5 में है। पीएम मोदी ने कहा दिल्ली विश्वविद्यालय ने उस समय में अपने 100 वर्ष पूरे किए हैं, जब देश अपनी आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर अमृत महोत्सव मना रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा निष्ठा धृति सत्यम्, विश्वविद्यालय का ये ध्येय वाक्य अपने हर एक छात्र के जीवन में मार्गदर्शक दीपक की तरह है… जिसके पास ज्ञान है, वहीं सुखी है, वही बलवान है। वास्तव में वही जीता है जिसके पास ज्ञान है।
पीएम मोदी ने कहा 25 साल बाद जब देश अपनी आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा तब डीयू अपनी स्थापना के 125 वर्ष मनाएगी। अब हमारा लक्ष्य 2047 तक विकसित भारत का निर्माण है। उन्होंने कहा आज देश भर में बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय, कॉलेज बनाए जा रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में आईआईटी,आईआईएम,नीट,एम्स जैसी संस्थाओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। ये सभी संस्थान नए भारत के निर्माण खंड बन रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा, ‘खुशी है कि मैं दिल्ली विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह का जश्न मनाने के लिए इस उत्सव में उपस्थित हूं। निमंत्रण मिलते ही तय कर लिया था कि आपके यहां आना ही है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि डीयू आना, अपनों के बीच आने के जैसा है। 
पीएम मोदी ने कहा कि जब भारत में नालंदा जैसे विश्वविद्यालय थे, तब भारत सुख और समृद्धि के शिखर पर था। जब भारत में तक्षशिला जैसे संस्थान थे, तब भारत का विज्ञान दुनिया का मार्गदर्शन करता था। ये वहां समय था जब दुनिया में भारत की जीडीपी में हिस्सेदारी बहुत बड़ी थी। 
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारे एजुकेशन इंस्टिट्यूट्स दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। इसके पीछे सबसे बड़ी गाइडिंग फोर्स है भारत की युवा शक्ति। 2014 से पहले देश में कुछ 100 स्टार्टअप थे। अब भारत में स्टार्टअप की संख्या 1 लाख पार कर चुकी है। 
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एआई और वीआर अब साइंस फिक्शन नहीं। हमारे जीवन का हिस्सा हैं। ड्राइविंग से लेकर सर्जरी तक, सभी कुछ ऑर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से संभव हो रहा है। 
भाषण खत्म होते ही लगे जय श्री राम’ के नारे 
प्रधानमंत्री मोदी डीयू के शताब्दी समारोह के समापन समारोह में शामिल हुए। पीएम मोदी के भाषण से पहले छात्र-छात्राओं ने मोदी-मोदी, वंदे मातरम, भारत माता की जय का नारा लगाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में देश के युवाओं को भारत का भविष्य बताया। प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन खत्म होते ही डीयू के आयोजन परिसर में ‘जय श्री राम’ के नारे गूंजने लगे। 

Leave a Reply