हार्टफुलनेस और भवानी निकेतन शिक्षा समिति द्वारा मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

जयपुर: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार, 21 जून को आयुष मंत्रालय (भारत सरकार), हार्टफुलनेस संस्था और भवानी निकेतन शिक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में जयपुर में एक विशाल योग एवं ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन कॉलेज ग्राउंड में होने वाले इस कार्यक्रम में 2,000 से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

सुबह 6:00 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम

यह सामूहिक योगोत्सव रविवार सुबह 6:00 बजे से 7:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक, इस कार्यक्रम का उद्देश्य योग को सिर्फ शारीरिक कसरत तक सीमित न रखकर इसे एक संपूर्ण जीवन पद्धति के रूप में लोगों के सामने लाना है, ताकि शरीर, मन और आत्मा के बीच सही संतुलन बनाया जा सके।

योग के साथ ध्यान का भी मिलेगा अनुभव

कार्यक्रम में आने वाले प्रतिभागियों को प्राणायाम, योगासन और विभिन्न स्वास्थ्यवर्धक मुद्राओं के अभ्यास के साथ-साथ 'हार्टफुलनेस रिलैक्सेशन' और निर्देशित ध्यान (गाइडेड मेडिटेशन) का अनुभव कराया जाएगा। इसके अलावा लोगों को ध्यान लगाने की वैज्ञानिक और बेहद सरल तकनीक भी सिखाई जाएगी, जो आज के समय में तनावमुक्त और संतुलित जीवन जीने के लिए बेहद जरूरी है।

'ब्राइटर माइंड्स' तकनीक का अनोखा प्रदर्शन

इस बार के कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं के लिए 'ब्राइटर माइंड्स' (Brighter Minds) तकनीक का विशेष प्रदर्शन मुख्य आकर्षण रहेगा। इसके जरिए बच्चों की मानसिक क्षमता, एकाग्रता और याददाश्त बढ़ाने के आधुनिक तरीकों की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में इस तकनीक से प्रशिक्षित बच्चे अपनी आंखों पर पट्टी बांधकर सिर्फ छूकर और महसूस करके चीजों को पहचानने व कार्ड पढ़ने जैसे कई हैरान कर देने वाले प्रदर्शन करेंगे।

आम जनता से परिवार सहित शामिल होने की अपील

हार्टफुलनेस संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि योग और ध्यान का यह तालमेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक व भावनात्मक मजबूती भी देता है। इसी को ध्यान में रखते हुए समाज के सभी वर्गों के लोगों को इस आयोजन में अपने परिवार के साथ शामिल होने का न्योता दिया गया है। आयोजकों ने जयपुर के नागरिकों से अपील की है कि वे भारी संख्या में आकर इस सकारात्मक जीवनशैली अभियान का हिस्सा बनें।

Leave a Reply