जयपुर में CA अपहरण कांड का खुलासा, 500 किलोमीटर पीछा कर पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा

जयपुर। राजधानी जयपुर के सेंट्रल पार्क से चार्टर्ड अकाउंटेंट के हाई-प्रोफाइल अपहरण मामले का जयपुर पुलिस ने शुक्रवार शाम पर्दाफाश कर दिया। पुलिस टीम ने एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और लगभग 500 किलोमीटर तक लगातार पीछा करने के पश्चात तीन शातिर बदमाशों को दबोच लिया। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने भारी कर्ज चुकाने और अपने महंगे शौक पूरे करने की नीयत से फिरौती वसूलने हेतु इस वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस की गिरफ्त में आए तीन शातिर आरोपी
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बस्सी के पोतली गांव निवासी चेतन शर्मा उर्फ लाला (24), खो नागोरियान क्षेत्र निवासी जैनुल खान (23) तथा पोतली गांव निवासी हनुमान प्रजापत (23) को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि कुल चार दोस्तों ने मिलकर इस साजिश का ताना-बाना बुना था और वारदात को अंजाम देने से पूर्व दो दिनों तक पार्क के आसपास रेकी की थी।
हथियार के बल पर मर्सिडीज कार सहित किया था अपहरण
यह वारदात 10 सितंबर की सुबह घटी थी, जब 50 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट राजीव गुप्ता सेंट्रल पार्क में प्रात:कालीन भ्रमण के लिए आए थे। पार्क की पार्किंग से बदमाशों ने हथियार दिखाकर राजीव गुप्ता का उनकी ही मर्सिडीज कार सहित अपहरण कर लिया। खुद को बचाने के प्रयास में पीड़ित ने चलती कार का दरवाजा खोलकर पैर बाहर निकाल दिए, जिससे कार के भीतर खींचतान शुरू हो गई। इस दौरान कार आमेर क्षेत्र में दो वाहनों से टकराते हुए कच्चे रास्ते पर बने नाले में जाकर पलट गई। दुर्घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने तुरंत पहुंचकर पीड़ित को सकुशल मुक्त कराया और वाहन जब्त कर लिया।
फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक से पहुंचे थे बदमाश
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज वर्मा के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल से पता चला कि बदमाश फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक से पार्क पहुंचे थे। दो बदमाशों को वहां छोड़कर एक साथी बाइक ले गया था। नाले में कार दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पैदल भागे दोनों बदमाशों ने अपने तीसरे साथी को फोन कर बुलाया और तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर आगरा रोड की ओर भाग निकले।
500 किलोमीटर पीछा कर पुलिस ने दबोचा
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस टीमों ने लगभग 500 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद शुक्रवार दोपहर सटीक सूचना के आधार पर घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने अपना कर्ज चुकाने के लिए फिरौती मांगने की योजना स्वीकार की है। पुलिस फिलहाल तीनों से गहन पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल चौथे फरार साथी की तलाश में जुटी हुई है।
