कैलारस शुगर फैक्ट्री को कराया जाएगा पुनः प्रारंभ: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुरैना। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीहोर से वर्चुअली जुड़कर कृषि उपज मंडी परिसर मुरैना में आयोजित 'बलराम कृषि महोत्सव' एवं कृषि प्रदर्शनी को संबोधित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मुरैना जिले के विकास और किसानों के आर्थिक सुदृढ़ीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि मुरैना स्थित प्रसिद्ध कैलारस शुगर फैक्ट्री को पुनः प्रारंभ कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के गन्ना उत्पादक किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। इसके साथ ही मुरैना में दुग्ध समितियों के माध्यम से दुग्ध संग्रहण को बढ़ावा देने और हर नगर पंचायत में 'गीता भवन' व एक विकासखंड में 'वृंदावन भवन' के निर्माण का भी ऐलान किया गया।
30 लाख Solar Pumps और 1 साल हुई फसल ऋण चुकाने की अवधि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में उठाए जा रहे कल्याणकारी कदमों की जानकारी दी।
किसान कल्याण वर्ष 2026: प्रदेश में वर्ष 2026 को 'किसान कल्याण वर्ष' के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण सुविधा जारी रहेगी।
ऋण चुकाने की समय-सीमा में बढ़ोतरी: खरीफ और रबी फसलों के लिए पहले ऋण चुकाने की जो अवधि 6-6 महीने निर्धारित थी, उसे बढ़ाकर अब पूरे 1 वर्ष कर दिया गया है। अब किसान जिस दिन लोन लेगा, उसे उसी तिथि से 1 वर्ष के भीतर भुगतान करना होगा, जिससे उन्हें बार-बार बैंकों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
सोलर पंप योजना: प्रदेश में भविष्य में 30 लाख किसानों को सब्सिडी पर सोलर पंप उपलब्ध कराने की योजना है, जिससे सिंचाई लागत कम होगी और दिन में 10 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
ई-विकास प्रणाली से खाद वितरण पारदर्शी, कालाबाजारी पर लगा अंकुश
कार्यक्रम में शामिल किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने बताया कि मध्यप्रदेश कृषि उत्पादन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल 2026 से प्रदेश के सभी जिलों में उर्वरक वितरण 'ई-विकास प्रणाली' (Digital System) के माध्यम से किया जा रहा है। इस डिजिटल व्यवस्था से खाद वितरण में पारदर्शिता आई है और लंबी कतारों तथा कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण लगा है। कृषि मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के 10 प्रगतिशील किसानों और 10 मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया।
जैविक खेती और नदियों को जोड़ने की योजना पर जोर
मुरैना-श्योपुर सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने बलराम कृषि महोत्सव के मंच से किसानों से रासायनिक उर्वरकों का संतुलित प्रयोग करने और जैविक खेती को अपनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए नदियों को आपस में जोड़ने की महत्वाकांक्षी योजनाओं पर काम कर रही है ताकि हर खेत तक पानी पहुंच सके। इस अवसर पर मुरैना महापौर शारदा सोलंकी, कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ और पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे।
