आधुनिक रिश्तों पर कंगना का बड़ा बयान, बोलीं- इंस्टाग्राम रील्स से मत करें तुलना

अपनी बेबाक बयानबाजी के लिए मशहूर सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत हर मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखने के लिए जानी जाती हैं। चाहे मामला देश की राजनीति का हो या आम जिंदगी के फलसफे का, वे कभी भी अपनी बात कहने से पीछे नहीं हटतीं। हाल ही में एक टॉक शो के दौरान कंगना ने आज के दौर की शादियों, प्यार और मॉडर्न रिलेशनशिप की जमीनी हकीकत पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने इस बात पर गहरी चिंता व्यक्त की कि कैसे सोशल मीडिया के इस डिजिटल दौर में लोग अपने रिश्तों से अवास्तविक उम्मीदें लगा बैठते हैं, जो फायदे की जगह नुकसान ज्यादा पहुंचा रही हैं।
सोशल मीडिया के दिखावे से दूर रहने की सलाह
मायानगरी मुंबई में रेडियो शो के दौरान कंगना रनौत ने कहा कि दो लोगों का रिश्ता बेहद निजी होता है। इसे इंटरनेट पर दिखने वाले 'पिक्चर-परफेक्ट' रोमांस के तराजू में नहीं तोला जा सकता। उन्होंने कहा कि इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म युवाओं की सोच को प्रभावित कर रहे हैं। कंगना के शब्दों में, "मुझे यह दृढ़ता से महसूस होता है कि आज की पीढ़ी को सोशल मीडिया वाले प्यार से दूरी बना लेनी चाहिए। जैसे घुटनों के बल बैठकर प्रपोज करना, महंगी अंगूठियां दिखाना, वेकेशन की चकाचौंध और बड़े-बड़े दिखावे करना। आजकल कई कपल्स अपने वास्तविक रिश्ते की तुलना दूसरों के बकायदा प्लान किए गए ऑनलाइन कंटेंट से करने लगते हैं और अपनी ही सच्ची भावनाओं पर शक करने बैठ जाते हैं।"
'पहली नजर का प्यार' सिर्फ एक छलावा
रिश्तों के टूटने की एक बड़ी वजह बताते हुए कंगना ने कहा, "आजकल ज्यादातर रिश्ते सिर्फ इसलिए दम तोड़ रहे हैं क्योंकि लोग लगातार अपनी जिंदगी की तुलना दूसरों की रील्स से कर रहे हैं। उनके मन में हमेशा यह मलाल रहता है कि 'मेरी लाइफ वैसी परफेक्ट क्यों नहीं है?'" इसके साथ ही उन्होंने सिनेमाई दुनिया के 'लव एट फर्स्ट साइट' यानी पहली नजर के प्यार के कॉन्सेप्ट को पूरी तरह बकवास करार दिया। उन्होंने मुस्कुराते हुए अपनी बात रखी कि, "मेरी निजी कहानी पहली नजर के प्यार जैसी बिल्कुल नहीं थी। शायद वह 'पहली नजर की नफरत' थी, जो वक्त के साथ धीरे-धीरे गहरे प्यार में बदल गई।"
रिश्ते रेडीमेड कपड़ों की तरह नहीं होते
कंगना ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि दुनिया का हर रिश्ता अपने आप में अनोखा होता है, क्योंकि इसमें शामिल दोनों व्यक्ति अलग-अलग पारिवारिक पृष्ठभूमि और अनुभवों से आते हैं। उन्होंने बेहद खूबसूरत उदाहरण देते हुए समझाया, "हर परिवार की अपनी एक अलग कहानी होती है। दुनिया में किन्हीं भी दो लोगों की परवरिश, करियर या लाइफ पार्टनर एक जैसे नहीं हो सकते। रिश्ते 'टेलर-मेड' (दर्जी द्वारा नाप लेकर सिले गए कपड़े) की तरह होते हैं। जो नियम या तरीका एक कपल के लिए सही साबित हो रहा है, जरूरी नहीं कि वह दूसरे पर भी सटीक बैठे। जैसे आपके नाप के कपड़े सिर्फ आप पर ही अच्छे फिट बैठते हैं, वैसे ही आपका रिश्ता सिर्फ आपके लिए ही बना है।"
रील्स से न करें पार्टनर का आकलन
कंगना रनौत ने नसीहत दी कि सोशल मीडिया के खोखले आदर्शों के पीछे भागने के बजाय अपने पार्टनर की छोटी-मोटी कमियों को स्वीकार करना सीखें। उन्होंने कहा, "अगर आपको अपनी जिंदगी का सही हमसफर मिल गया है, भले ही उसमें कुछ कमियां क्यों न हों, लेकिन अगर आपका दिल कहता है कि यही आपके लिए सही इंसान है, तो उसकी तुलना कभी इंस्टाग्राम की रील्स से मत कीजिए। अपने पास मौजूद खुशियों की कद्र करना सीखें। आज बहुत से लोग सिर्फ इसलिए दुखी हैं क्योंकि जो उनके पास है, वे उसकी तारीफ करने के बजाय उस चीज के पीछे भाग रहे हैं जो सोशल मीडिया उन्हें दिखा रहा है।"
फिल्मों की बात करें तो कंगना रनौत की आने वाली फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' आगामी 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
