Karnataka Crisis में भाजपा की कोई भूमिका नहीं, कांग्रेस की संस्‍कृति से मुक्ति चाहता है देश : जेपी नड्डा

रांची। Karnataka Crisis भाजपा की ओर से बार-बार दोहराए जानेवाले कांग्रेसमुक्त भारत के नारे को पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस की संस्कृति से मुक्ति दिलाने की कोशिश बताया है। उनका कहना है कि कांग्रेस कमीशन और करप्शन का पर्याय है और भाजपा जब भी कांग्रेस से मुक्ति की बात करती है तो उसमें करप्शन और कमीशन से मुक्ति की बात छिपी होती है। रविवार को रांची स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान नड्डा ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक अलग तरह की संस्कृति पनपी है, जिसने वोट बैंक व जातिवाद को नकारा है। 
विकासवाद की राजनीति को स्वीकारा किया है। हम इसी विचार को लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं। जेपी नड्डा ने कर्नाटक के राजनीतिक उफान पर भाजपा की भूमिका को नकारा। विपक्ष ऐसे आरोपों को तथ्यहीन बताया। कहा, यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है। उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस्तीफा दिया इसके बाद सब लोग अपने-अपने ढंग से इस्तीफा दे रहें हैं। यह उनका विषय है, वो जाने। यह भी कहा कि यह मामला सुप्रीम कोर्ट भी देख रहा है। 
नड्डा ने अपने प्रवास के दौरान सांगठनिक स्तर से पर की गई बैठकों की जानकारी साझा की। कहा, बैठकों में बूथ रचना से लेकर चुनाव की रणनीति और सदस्यता अभियान पर चर्चा की गई। 28 को दोबारा कोर कमेटी की बैठक होगी, जिसकी रिपोर्ट मैं खुद लूंगा। प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों के साथ हुई बैठक पर अपने अनुभव को साझा करते हुए बताया कि कार्यकर्ताओं में जोश है। पार्टी सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी हो, इसके लिए हर वर्ग को जोड़ें। सांसदों व विधायकों को भी सदस्यता अभियान से जुडऩे की नसीहत दी गई है। विधायकों को भी बूथ स्तर की रचना पर ध्यान देने की नसीहत दी गई है। 
कहा, झारखंड में संगठन व सरकार के स्तर से तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव में राज्य की जनता 65 प्लस सीटों का आशीर्वाद हमें देगी। यह पूछने पर कि गठबंधन में किसे कितनी सीटें मिलेंगी पर कहा कि यह आने वाले वक्त में देखा जाएगा। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा व मीडिया सह प्रभारी संजय मयूख भी उपस्थित थे। 

रघुवर सरकार की तारीफ, कहा- डबल इंजन का मिल रहा फायदा 
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने झारखंड में रघुवर दास सरकार के कार्यों की सराहना की है। भाजपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत में उन्होंने रघुवर सरकार को काम करने वाली, जनता को साथ लेकर चलने वाली व पारदर्शी सरकार बताया। कहा, आयुष्मान भारत, महिला सशक्तिकरण, सड़क संपर्क आदि में झारखंड ने कीर्तिमान स्थापित किए हैं। 
जेपी नड्डा ने यूनाइटेड नेशन की रिपोर्ट का हवाला दे बताया कि दुनिया के दस देशों में भारत अव्वल रहा है तो देश में झारखंड सबसे आगे रहा। झारखंड में नीतिगत फैसले तेजी से लिए जा रहे हैं। आयुष्मान भारत व मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत राज्य के 70 लाख परिवारों में से 59 लाख परिवारों को जोड़ा गया है। प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला योजना इन सब क्षेत्रों में तेजी से बढऩे वाला झारखंड है। पीएम किसान योजना के साथ-साथ मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का टॉप अप भी है। यही डबल इंजन की सरकार है। 
किस विषय पर क्या कहा 
मॉब लिचिंग की घटना पर 
कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। कानून अपना काम करेगा। भाजपा सबका साथ, सबका विकास में विश्वास रखती है। 
धौनी के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर 
पार्टी को सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी बनाना हमारा लक्ष्य है। ऐसे में ख्याति प्राप्त कलाकार, खिलाडिय़ों सबका आना स्वीकार है। 
लोकसभा की तर्ज पर विधानसभा में भी वरिष्ठों के टिकट कटने पर 
यह पार्टी की रणनीति का हिस्सा है। समय, स्थान और नेतृत्व और नेतृत्व की क्षमता सभी विषयों को देखा जाता है। वैसे पार्टी की सोच है कि युवाओं का अधिक से अधिक समावेश किया जाए और बुजुर्गों का मार्गदर्शन हमें प्राप्त हो। बेटा कमाने लायक हो जाता है तो पिता पीछ्रे हट जाता है। 

Leave a Reply