फिरोजी रंग के सलवार-सूट में ताज निहारती नजर आईं मिस यूनिवर्स…

आगरा। एक ओर दुनिया में भारतीय शिल्प और वास्तुकला की अनुपम निशानी ताजमहल तो दूसरी ओर मिस यूनिवर्स शेन्निस पलासियोस। पर्यटक कभी ताजमहल को निहारते तो कभी मिस यूनिवर्स को देखने लगते। 

फिरोजी रंग का कढ़ाईदार सलवार-सूट और क्राउन पहने मिस यूनिवर्स भी भारतीयता के रंग में रंगी नजर आईं। नमस्ते की पोज में सेंट्रल टैंक पर फोटो खिंचवाते हुए उन्होंने भारतीय पर्यटकों का दिल जीत लिया।

डेढ़ घंटे तक बिताया समय

मिस यूनिवर्स शेन्निस पलासियोस शाम 4:30 बजे ताजमहल पहुंचीं। फोरकोर्ट से ताजमहल की पहली झलक नजर आते ही वह उसकी सुंदरता पर मुग्ध हो उठीं। वीडियो प्लेटफार्म पर उन्होंने ताजमहल के साथ सेल्फी ली। 

गाइड से उन्होंने स्मारक के इतिहास, वास्तुकला, पच्चीकारी, पच्चीकारी में प्रयुक्त पत्थरों, शाहजहां व मुमताज की प्रेम कहानी के बारे में जानकारी की। सेंट्रल टैंक पर उन्होंने नमस्ते समेत विभिन्न पोज में फोटो सेशन कराया। वह करीब डेढ़ घंटे तक स्मारक में रहीं और ताजमहल की सुंदरता में खोई रहीं। 

हर व्यक्ति को ताजमहल देखना चाहिए

मिस यूनिवर्स ने कहा कि वह दुनिया की सबसे खूबसूरत जगह पर हैं, जो उन्हें बहुत रोमांचित कर रहा है। अद्भुत कलाकारी का नमूना ताजमहल कई मायनों में खास है। दुनिया के हर व्यक्ति को ताजमहल देखना चाहिए। 

उन्होंने कहा कि वह जब भी भारत आएंगी, तब ताजमहल जरूर देखेंगी। भारत के व्यंजन बहुत खास हैं। यहां के लोग बड़े प्यारे हैं। ऐसा लगता है, जैसे मैं इन्हें वर्षों से जानती हूं। यहां आकर मैं बहुत अपनापन महसूस कर रही हूं। उनके साथ मिस यूनिवर्स इंडिया के निदेशक निखिल आनंद और मिस यूनिवर्स के वाइस प्रेसिडेंट मारियो बुकारो थे।

मिस यूनिवर्स इंडिया के लिए उम्र व हाइट की सीमा खत्म की

मिस यूनिवर्स इंडिया के निदेशक निखिल आनंद ने बताया कि वह जब भी ताजमहल आते हैं, हर बार उन्हें कुछ नई जानकारी मिलती है। मिस यूनिवर्स इंडिया-2024 के बारे में उन्होंने बताया कि इस वर्ष कई बदलाव किए जा रहे हैं। 

मिस यूनिवर्स इंडिया प्रतियोगिता में उम्र व हाइट की सीमा खत्म की गई है। हाइट कम होने से कई प्रतिभाशाली लड़कियां आगे नहीं बढ़ पाती हैं। उनके लिए हमने इस प्रतियोगिता को और आसान किया है। 

इस वर्ष देश के सभी राज्यों में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी। उनकी विजेताओं में से मिस यूनिवर्स इंडिया-2024 को चुना जाएगा, जो ग्लोबल मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करेगी।

सात वर्ष बाद आईं मिस यूनिवर्स

सात वर्ष के अंतराल के बाद कोई गैर-भारतीय मिस यूनिवर्स खिताब धारक भारत आई हैं। देश का दाैरा करने वाली चुनिंदा मिस यूनिवर्स में से शेन्निस पलासियोस एक हैं। निकारागुआ की शेन्निस की भारत यात्रा का मुख्य उद्देश्य ग्लैमानंद समूह द्वारा कराई जा रही मिस यूनिवर्स इंडिया प्रतियोगिता का शुभारंभ करना है। इस वर्ष मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता मैक्सिको में होगी।

Leave a Reply