मोबाइल लोकेशन ने खोला राज, भिवंडी में लिफ्ट डक्ट से मिला लापता महिला का शव

भिवंडी। ठाणे जिले के भिवंडी शहर अंतर्गत रोशन बाग इलाके में एक 54 वर्षीय महिला का शव इमारत की लिफ्ट के डक्ट से मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान शाहीन मोहम्मद सुल्तान शेख (54) के रूप में हुई है, जो हाजी सुलेमान अपार्टमेंट, धोबी तालाब की निवासी थीं। महिला सोमवार रात अपनी बहन से मिलकर निकलने के बाद लापता हो गई थीं। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, लिफ्ट न होने के बावजूद दरवाजा खुलने से महिला गलती से डक्ट में गिर गईं, जिससे उनकी जान चली गई।

लापता होने के बाद मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग

शाहीन शेख सोमवार शाम रोशन बाग स्थित राबिया अपार्टमेंट में अपनी बहन से मिलने गई थीं। रात करीब 9:30 बजे वापस लौटने के दौरान वह घर नहीं पहुंचीं। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद मंगलवार सुबह भोईवाड़ा पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विक्रम मोहिते के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक दीपक जाधव की टीम ने मोबाइल की तकनीकी लोकेशन के आधार पर राबिया अपार्टमेंट में गहन तलाशी अभियान चलाया, जहां लिफ्ट के डक्ट में महिला का शव मिला।

लिफ्ट की सुरक्षा प्रणाली पर उठे सवाल

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला चौथी मंजिल से घर लौटने के लिए लिफ्ट लेने पहुंची थीं। संभवतः लिफ्ट ऊपर की मंजिल पर थी, लेकिन सुरक्षा प्रणाली की खराबी के कारण चौथी मंजिल का दरवाजा खुल गया। लिफ्ट समझकर डक्ट में कदम रखते ही महिला सीधे नीचे जा गिरीं और गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, एडीआर दर्ज

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी उपजिला अस्पताल भेज दिया है और फिलहाल आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज किया है। भोईवाड़ा पुलिस अब इस बात की तकनीकी जांच कर रही है कि लिफ्ट के ऊपर रहने के दौरान दरवाजा कैसे खुला और क्या इमारत की लिफ्ट में कोई तकनीकी लापरवाही हुई थी।

Leave a Reply