National Highway पर एक और दर्दनाक हादसा, मां, बेटा और बेटी की मौत, पति गंभीर

 दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर एक और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोयल दंपती की मौत अभी लोग भूले नहीं थेे कि दो ट्रकों के बीच में कार फंसकर चकनाचूर हो गई। इससे मौके पर ही तीन लाेगों की मौत हो गई। मरने वालों में मां, बेटा और बेटी हैं। जबकि पति और नातिन घायल हैैं। बताया जा रहा है कि परिवार दिल्‍ली से पंजाब शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नई दिल्ली के तिलकनगर का सहगल परिवार पंजाब के लुधियाना जिले के खन्ना में रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने के लिए वैगन आर कार से जा रहा था। परिवार के मुखिया राकेश सहगल ने बताया कि उनका परिवार दिल्ली से दो कारों में सवार होकर सोमवार रात 12.30 पर पंजाब के लिए रवाना हुआ। एक कार निखिल चला रहा था, जबकि वह आगे बैठे थे। पीछे उनकी पत्नी ऊषा, बेटी मेघा और नातिन रूहानी थी। उनसे आगे चल रही दूसरी कार में दामाद गौरव राणा, उसकी बहन सहित परिवार के अन्य सदस्य बैठे हुए थे।

नीलोखेड़ी से तीन किलोमीटर दूर गांव मनक माजरा के पास आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक ले लिया। कार चालक जब तक संभलता तब तक देर हो चुकी थी। इसी दौरान पीछे आ रहा ट्रक चालक भी संभल नहीं पाया और ट्रक कार से जा टकराया। इससे दो ट्रकों के बीच कार फंस गई। हादसे में निखिल(27), उनकी माता ऊषा सहगल (58), बहन मेघा राणा (34) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं निखिल के पिता राकेश सहगल और मेघा की डेढ़ वर्षीय बेटी रूहानी घायल हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक मुकुल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

 

इस तरह गई थी गोयल दंपती की जान 
पेट्रोल पंप मालिक व समाजसेवी गौरव गोयल और अपनी पत्नी डॉ. रंजना गोयल के साथ स्वीडन में अपनी बेटी से मिलने के लिए गए थे। चार जून को दंपती अपनी कार में दिल्ली से लाडवा आ रहे थे। इसी दौरान पानीपत में एक ट्रैक्टर ट्राली से गार्डर गिरकर उनकी कार में जा घुसा। इससे गौरव की गर्दन कट गई थी और मौके पर मौत हो गई थी। अस्‍पताल में उनकी पत्‍नी ने भी दम तोड़ दिया था। हादसे की वजह ट्रैक्टर ट्राली की ओवरलोडिंग थी।

Leave a Reply