वृषभ को कारोबार में नए मौके, कन्या को मिलेगा अटका धन…शरद पूर्णिमा पर ग्रहों का ऐसा संयोग, आपका क्या होगा?

हिंदू धर्म में शरद पूर्णिमा का विशेष महत्व है. इस दिन चंद्रमा अपनी सोलह कलाओं से परिपूर्ण रहता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शरद पूर्णिमा की रात भगवान श्रीकृष्ण ने गोपियों के साथ महारास रचाया था. इस दिन चंद्रमा की पूजा करने और भगवान विष्णु व माता लक्ष्मी की आराधना करने की परंपरा भी प्रचलित है. इस बार शरद पूर्णिमा पर कई शुभ ज्योतिषीय संयोग बनने जा रहा हैं, जो कुछ राशियों के लिए फलदायी हो सकते हैं. लोकल 18 से अयोध्या के पंडित सीताराम दास बताते हैं कि शरद पूर्णिमा 25 अक्टूबर को मनाई जाएगी. ज्योतिषीय गणना के मुताबिक, इस मौके पर सर्वार्थसिद्धि योग का संयोग बन रहा है. तुला राशि में बुध और शुक्र की युति से लक्ष्मी नारायण राजयोग का निर्माण भी होगा. ज्योतिष शास्त्र में बुध को बुद्धि, वाणी और व्यापार का कारक माना जाता है जबकि शुक्र सुख-सुविधा, वैभव और भौतिक संपन्नता से जुड़ा ग्रह है. ऐसे में इन दोनों ग्रहों की युति को कुछ राशियों के लिए आर्थिक और व्यावसायिक मामलों में अनुकूल माना जा रहा है. आइए जानते हैं किन तीन राशियों के जातकों को सबसे ज्यादा लाभ मिलने की संभावना है.
वृषभ राशि
वृषभ राशि के जातकों के लिए यह समय धन और करियर से जुड़े मामलों में सकारात्मक अवसर लेकर आ सकता है. आय के नए स्रोत विकसित होने की संभावना है. नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में कोई अच्छी खबर मिल सकती है, जबकि व्यापार करने वाले जातकों को अपने कारोबार का विस्तार करने के मौके मिलेंगे. लंबे समय से बनाई गई योजनाओं को आगे बढ़ाने में सफलता मिलने की उम्मीद है. अचानक धन लाभ के अवसर भी सामने आ सकते हैं. निवेश से जुड़े मामलों में परिस्थितियां अनुकूल रह सकती हैं, लेकिन कोई भी बड़ा आर्थिक निर्णय लेने से पहले अच्छी तरह विचार करना जरूरी होगा.
कन्या राशि
कन्या राशि के जातकों के लिए लक्ष्मी नारायण राजयोग आर्थिक मामलों में राहत देने वाला माना जा रहा है. लंबे समय से अटका हुआ धन वापस मिलने की संभावना बन सकती है. आमदनी बढ़ाने के लिए नए रास्ते खुल सकते हैं और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में आसानी हो सकती है. परिवार के सदस्यों के बीच आपसी तालमेल बेहतर होने के संकेत हैं. माता-पिता का सहयोग मिलने से महत्वपूर्ण कार्य पूरे करने में मदद मिल सकती है. जो लोग अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने के लिए प्रयासरत हैं, उन्हें योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने का लाभ मिल सकता है.
मकर राशि
मकर राशि के लिए यह समय पेशेवर जीवन में आगे बढ़ने के नए अवसर लेकर आ सकता है. कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान बढ़ने और जिम्मेदारियों में वृद्धि होने की संभावना है. नौकरी बदलने या नए काम की शुरुआत करने की योजना बना रहे लोगों को सकारात्मक अवसर मिल सकते हैं. संपत्ति खरीदने, घर की मरम्मत कराने या परिवार से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए भी परिस्थितियां अनुकूल रह सकती हैं. पारिवारिक रिश्तों में मधुरता बनाए रखने और कार्यों को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने से अच्छे परिणाम मिल सकते हैं.
