आगरा की घटना से दहशत, महिला की हत्या के बाद लोगों की संवेदनहीनता चर्चा में

आगरा। उत्तर प्रदेश के ताजनगरी आगरा के ताजगंज इलाके से एक दिल दहला देने वाली और मानवता को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ के कोल्हाई मोहल्ले में मंगलवार की शाम एक सनकी पति ने सरेआम अपनी पत्नी की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान 40 वर्षीय कुंती देवी के रूप में हुई है। हत्या की वजह सिर्फ इतनी थी कि पत्नी ने अपने मायके से वापस पति के घर जाने से इनकार कर दिया था और सुबह अपने पिता के सामने पति को एक थप्पड़ मार दिया था। इसी बात से बौखलाए पति ने शाम को खूनी खेल खेल डाला। मृतका अपने पति से आए दिन होने वाले विवाद के चलते पिछले एक साल से अपने दो बच्चों के साथ मायके में ही रह रही थी।
शराब के नशे में ससुराल पहुंचा पति, बाल पकड़कर घसीटा और सीने-पेट पर किए 6 वार
स्थानीय पुलिस और चश्मदीदों से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम करीब चार बजे आरोपी पति रणवीर उर्फ रानू भारी मात्रा में शराब पीकर अपनी ससुराल (कोल्हाई मोहल्ला) पहुंचा। उसने अपनी बाइक घर के बाहर खड़ी की और सीधे अंदर घुस गया। उस समय कुंती देवी पड़ोस की एक महिला के साथ बैठी हुई थीं। कुंती कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही रणवीर ने उनके बाल पकड़ लिए और उन्हें घसीटते हुए घर से बाहर सड़क की तरफ ले जाने लगा।
जब कुंती और पड़ोस की महिला ने इसका कड़ा विरोध किया और शोर मचाया, तो रणवीर ने अपनी जेब से धारदार चाकू निकाल लिया। उसने आव देखा न ताव, कुंती के सीने, पेट और हाथों पर एक के बाद एक ताबड़तोड़ छह वार कर दिए। हमलों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कुंती देवी वहीं लहूलुहान होकर गिर गईं और घर का फर्श खून से सन गया। वारदात को अंजाम देकर जब आरोपी भागने लगा, तो मोहल्ले के साहसी लोगों ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।
21 साल पहले हुई थी शादी, शराब और मारपीट के चलते कोर्ट में चल रहा था केस
ताजगंज के कोल्हाई मोहल्ला निवासी कुंती देवी का विवाह 21 वर्ष पूर्व डौकी क्षेत्र के कुंडौल (पवावली) निवासी रणवीर उर्फ रानू के साथ हुआ था। रणवीर एक कोल्ड स्टोरेज में मजदूरी का काम करता है और इस दंपती के दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं। एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर ने बताया कि दोनों के बीच पिछले एक साल से गंभीर घरेलू विवाद चल रहा था। रणवीर अत्यधिक शराब पीने का आदी था और आए दिन कुंती के साथ बेरहमी से मारपीट करता था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर कुंती अपने बच्चों को लेकर मायके आ गई थी और उसने पति के खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज कराई थी, जिसका मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है।
सुबह ही दी थी जान से मारने की धमकी, 40 रुपये का चाकू खरीदकर की पूर्व नियोजित हत्या
कुंती देवी की ताई माया ने पुलिस को एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि मंगलवार की सुबह भी रणवीर अपने पिता राम प्रसाद के साथ कुंती को विदा कराने आया था। उसने कुंती पर साथ चलने का भारी दबाव बनाया और कहा कि वह आगे से मारपीट नहीं करेगा। चूंकि वह पहले भी कई बार ऐसा झूठ बोलकर ले जा चुका था और फिर पीटता था, इसलिए कुंती ने साफ कह दिया कि वह अभी नहीं जाएगी, बाद में आएगी। इस बात पर दोनों के बीच बहस हुई और गुस्से में कुंती ने अपने ससुर के सामने ही रणवीर को थप्पड़ जड़ दिया। इससे रणवीर बुरी तरह बौखला गया और पिता को साथ लेकर वहां से जाते-जाते धमकी दे गया कि 'अब वह जान लेकर ही मानेगा।'
चूंकि कुंती का परिवार हलवाई का काम करता है और सभी लोग काम पर बाहर गए थे, रणवीर ने इसी का फायदा उठाया। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि पिता के सामने थप्पड़ खाने से उसकी मूंछ का सवाल बन गया था, इसलिए उसने दोपहर में ही ताजगंज की एक स्थानीय दुकान से महज 40 रुपये में सब्जी काटने वाला एक तेज धारदार चाकू खरीदा। वह पूरी तैयारी के साथ बाइक से आया था ताकि हत्या के बाद तुरंत शहर से फरार हो सके, लेकिन वह बाइक तक पहुंच पाता, उससे पहले ही जनता ने उसे पकड़ लिया।
शर्मनाक: 20 मिनट तक तड़पती रही कुंती, मदद करने के बजाय रील और वीडियो बनाते रहे लोग
इस पूरी वारदात का सबसे स्याह और अमानवीय पहलू यह रहा कि जब लहूलुहान कुंती देवी फर्श पर पड़ी जिंदगी और मौत के बीच 20 मिनट तक तड़पती रहीं, तब वहां मौजूद भीड़ में से कोई भी उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए आगे नहीं आया। तमाशबीन बने लोग अपने मोबाइल फोन निकालकर तड़पती हुई महिला का वीडियो और रील बनाने में मशगूल रहे। घटना के करीब 20 मिनट बाद जब सूचना पाकर एसीपी ताज सुरक्षा थाना ताजगंज की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, तब जाकर महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल और वहां से गंभीर हालत में एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी भेजा गया। लेकिन तब तक अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से बच्चों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है और परिवार में कोहराम मचा है।
साले को भेजे थे 'बाथरूम मर्डर' के वीडियो, एक हफ्ते के भीतर गृह कलह में दूसरी हत्या
कुंती के चचेरे भाई चंदन ने पुलिस को बताया कि आरोपी रणवीर के दिमाग में कोई खूंखार साजिश चल रही थी। उसने सोमवार को ही अपने साले (चंदन) के मोबाइल पर दो वीडियो क्लिप भेजी थीं। ये दोनों वीडियो हाल ही में सिकंदरा के दहतोरा में हुए सनसनीखेज 'बाार्टमेंट मर्डर' से जुड़े थे, जहां रूबी नाम की पत्नी ने अपने पति सुरेंद्र शर्मा को खीर में नींद की गोली देकर मार डाला था और शव को 45 दिनों तक बाथरूम में दफनाकर रखा था। पुलिस का मानना है कि आरोपी इन वीडियो के जरिए परिवार को पहले ही डराना या संकेत देना चाहता था।
आगरा में पारिवारिक कलह के कारण हत्या का एक ही सप्ताह के भीतर यह दूसरा बड़ा मामला है। पुलिस ने मृतका के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी रणवीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जिससे आगे की पूछताछ जारी है।
