बॉक्स ऑफिस पर रविवार को चमकी ‘पति पत्नी और वो दो’, ‘आखिरी सवाल’ ने भी पकड़ी रफ्तार; जानें ‘करुप्पु’ का हाल

इन दिनों सिनेमाघरों में अलग-अलग जॉनर की फिल्में दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रही हैं, जिनमें रोमांटिक-कॉमेडी, इंटेंस ड्रामा और धमाकेदार एक्शन फिल्में शामिल हैं। हाल ही में रिलीज हुईं आयुष्मान खुराना की 'पति पत्नी और वो दो', संजय दत्त की 'आखिरी सवाल' और सूर्या की एक्शन पैक्ड फिल्म 'करुप्पु' को बॉक्स ऑफिस पर तीन दिन पूरे हो चुके हैं। वहीं, पहले से थिएटर्स में जमीं 'कृष्णावतारम' और 'राजा शिवाजी' भी मजबूती से आगे बढ़ रही हैं। आइए जानते हैं कि इस रविवार को इन फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर कितना बिजनेस किया।

'पति पत्नी और वो दो' की शानदार कमाई और 'आखिरी सवाल' का धीमा सफर

रोमान्स और कॉमेडी से भरपूर फिल्म 'पति पत्नी और वो दो' को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने अपनी रिलीज के तीसरे दिन (रविवार) ₹7.75 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया, जबकि दूसरे दिन इसने ₹5.75 करोड़ जुटाए थे। इसी के साथ आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, वामिका गब्बी और रकुल प्रीत सिंह स्टारर इस फिल्म का कुल कलेक्शन ₹17.50 करोड़ तक पहुंच गया है।

दूसरी तरफ, संजय दत्त की ड्रामा फिल्म 'आखिरी सवाल' बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों के लिए संघर्ष करती नजर आ रही है। हालांकि रविवार को इसकी कमाई में मामूली बढ़त देखी गई। फिल्म ने तीसरे दिन ₹80 लाख का बिजनेस किया, जबकि दूसरे दिन इसकी कमाई ₹75 लाख रही थी। फिल्म का अब तक का कुल कलेक्शन महज ₹1.95 करोड़ ही हो सका है।

बॉक्स ऑफिस पर छाया सूर्या की 'करुप्पु' का जादू

साउथ के सुपरस्टार सूर्या की एक्शन थ्रिलर फिल्म 'करुप्पु' बॉक्स ऑफिस पर तबाही मचा रही है। फैंस के बीच इस फिल्म को लेकर जबरदस्त दीवानगी देखने को मिल रही है। फिल्म ने अपने तीसरे दिन यानी रविवार को रिकॉर्ड तोड़ ₹28.35 करोड़ की कमाई की। इससे पहले दूसरे दिन फिल्म ने ₹24.15 करोड़ बटोरे थे। महज तीन दिनों के अंदर ही 'करुप्पु' ने कुल ₹68 करोड़ का कलेक्शन कर अपनी मजबूत पकड़ साबित कर दी है।

'कृष्णावतारम पार्ट 1' और 'राजा शिवाजी' की रफ्तार बरकरार

भगवान कृष्ण के जीवन पर आधारित फिल्म 'कृष्णावतारम पार्ट 1' बॉक्स ऑफिस पर धीमी लेकिन स्थिर रफ्तार से आगे बढ़ रही है। इस फिल्म ने अपनी रिलीज के 11वें दिन (रविवार) ₹3.20 करोड़ कमाए, जबकि 10वें दिन इसका कलेक्शन ₹2.30 करोड़ था। फिल्म का कुल बिजनेस अब ₹20.22 करोड़ हो चुका है।

वहीं, रितेश देशमुख के निर्देशन और अभिनय से सजी मराठी फिल्म 'राजा शिवाजी' (जो हिंदी में भी रिलीज हुई है) बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हो रही है। रिलीज के 17वें दिन फिल्म ने शानदार उछाल लेते हुए ₹3.45 करोड़ की कमाई की, जबकि 16वें दिन इसने ₹2.70 करोड़ कमाए थे। अब तक यह फिल्म कुल ₹84.55 करोड़ का धांसू कलेक्शन कर चुकी है और उम्मीद जताई जा रही है कि अगले हफ्ते तक यह ₹100 करोड़ के क्लब में एंट्री कर लेगी।

Leave a Reply