PM मोदी और शेख हसीना ने ‘बंधन एक्सप्रेस’ को दिखाई हरी झंडी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी बंगलादेशी समकक्ष शेख हसीना ने आज कोलकाता और बंगलादेश के दक्षिण-पश्चिम औद्योगिक शहर खुलना के बीच एक नई यात्री ट्रेन ‘बंधन एक्सप्रेस’ का शुभारंभ किया। इस दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी मौजूद रही।
पीएम ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए ट्रेन सेवा का उद्घाटन करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच कोई शिष्टाचार नहीं आना चाहिए, लोगों के बीच आपसी संबंधों को और बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने बंगलादेश के लोगों को बंगाली भाषा में शुभकामनायें देते हुए कहा कि आज हमारे संबंधों को और प्रगाढ़ कर दिया है। उन्होंने कहा कि कोलकाता-ढाका के बीच कनेक्टिविटी को बढ़ाना आज संभव हुआ है, लोगों के लिए परेशानी मुक्त और सहज यात्रा होगी, यह बांग्लादेश और भारत के बीच सांझा दृष्टिकोण का परिणाम है।
बांग्लादेश की राजधानी ढाका और पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के बीच ‘मैत्री एक्सप्रेस’ ट्रेन पहले से ही चल रही है। अब ‘बंधन एक्सप्रेस’ के शुरू होने से दोनों देशों के बीच नजदीकियां बढ़ेगी। पीएम ने कहा कि विकास और संपर्क एक दूसरे से जुड़े हुए हैं, पड़ोसी देशों के नेताओं के साथ संबंध पड़ोसियों जैसे ही होने चाहिए।
