जाम में फंसी गर्भवती महिला ने कार में ही दिया बच्चे को जन्म

गुरुग्राम की सड़कों पर सुबह-शाम लगने वाला जाम अब लोगों की जान पर भी भारी पड़ने लगा है। गुरुवार को एक गर्भवती महिला की जान पर तब बन आई जब परिजन उसे प्रसव पीड़ा होने पर घर से सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल ले जा रहे थे। ओल्ड रेलवे रोड पर जाम होने के कारण परिजन समय पर गर्भवती को लेकर अस्पताल नहीं पहुंच पाए, जिस कारण रास्ते में ही प्रसव हो गया। गर्भवती महिला ने कार में ही लड़के को जन्म दिया।

संयोग अच्छा था कि साथ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी थीं। बाद में जच्चा-बच्चा को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों स्वस्थ हैं। जैकबपुरा निवासी पेशे से मैकेनिक सज्जन सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी गर्भवती थी। उसके प्रसव का समय पूरा हो गया था। गुरुवार दोपहर अचानक उसे तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। वह पत्नी को अस्पताल ले जाने के लिए काफी देर तक कैब व ऑटो बुक करने का प्रयास करते रहे, लेकिन कोई भी समय पर नहीं पहुंचा।

उन्होंने पड़ोस में रहने वाले राजा परिहार से मदद मांगी। उनकी कार में करीब 12 बजे वह अपनी गर्भवती पत्नी, मां और एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के साथ सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल के लिए निकले, लेकिन जाम के कारण समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाए। उन्होंने बताया कि न्यू रेलवे रोड, ओल्ड रेलवे रोड, पुराने जेल चौक, सिद्धेश्वर चौक सभी जगह भारी जाम लगा हुआ था।कार रेंग रेंग कर चल रही थी। करीब 20 मिनट तक जाम में फंसे रहे और उनकी पत्नी समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाई, जिस कारण उसका कार में ही प्रसव हो गया।

 

Leave a Reply