उद्यमियों के व्यापार-उद्योगों को प्रोत्साहन राज्य सरकार की प्राथमिकता

टीकमगढ़ | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने टीकमगढ़ में आयोजित ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ के तहत उद्यमियों से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि टीकमगढ़ जिले में संसाधनों की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें सही अवसरों में बदलने की है। स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहन देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
बेहतर कनेक्टिविटी, बुनियादी ढांचा और पर्यटन को बढ़ावा मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उद्योगों के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति, मूलभूत सुविधाएं और अधोसंरचना विकास उपलब्ध करा रही है। झांसी-जतारा-टीकमगढ़ मार्ग की कनेक्टिविटी बेहतर होने से अंतरराज्यीय व्यापार को नई गति मिलेगी। उन्होंने उद्यमियों से इंडस्ट्रियल पार्क स्थापित करने तथा होटल व होम-स्टे बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार इसके लिए आकर्षक सब्सिडी दे रही है।
महाकाल की तर्ज पर बनेगा 'कुंडेश्वर लोक' जिले में धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि महाकाल लोक की तर्ज पर कुंडेश्वर धाम का विकास कराया जाएगा। इसके अध्ययन एवं कार्ययोजना के लिए शीघ्र ही पर्यटन विभाग के अधिकारियों की टीम टीकमगढ़ भेजी जाएगी। कुंडेश्वर के आसपास होम-स्टे बनने से तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित होगा।
बेल मेटल पीतल शिल्प कला के लिए 1.99 करोड़ रुपये की योजना धरमपुर की प्रसिद्ध पारंपरिक 'बेल मेटल पीतल शिल्प कला' के संवर्धन के लिए ₹1.99 करोड़ की योजना प्रस्तावित की गई है। एमएसएमई विभाग को धरमपुरा में 6.99 हेक्टेयर भूमि हस्तांतरित की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस शिल्प कला को आधुनिक अधोसंरचना, कारीगर सशक्तिकरण, बाजार विस्तार और रोजगार से जोड़ा जाएगा।
उद्यमियों से सीधा संवाद और प्रमुख सुझाव संवाद सत्र के दौरान स्थानीय उद्यमियों ने अपने अनुभव एवं सुझाव साझा किए:
टूरिस्ट सर्किट का सुझाव: उद्यमी गौरव जैन ने ओरछा, खजुराहो और टीकमगढ़ को मिलाकर एंट्री गेट टूरिस्ट सर्किट बनाने तथा मोहनगढ़ व बल्देवगढ़ के किलों का विकास करने का सुझाव दिया।
सफल इकाइयां और सरकारी सहयोग: मूंगफली प्रसंस्करण इकाई चलाने वाले राजेश साहू ने ₹4 करोड़ की सब्सिडी तथा 'स्वस्तिक मसाला' की सृष्टि मिश्रा ने ₹4 लाख की सब्सिडी मिलने पर सरकारी नीतियों की सराहना की।
सड़क कनेक्टिविटी पर त्वरित निर्देश: उद्यमी राज परमार द्वारा जतारा यूनिट को हाईवे से जोड़ने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। राज परमार की यूनिट से 500 लोगों को रोजगार मिल रहा है।
कृषि आधारित उद्योग: सुनीता राज बुंदेला ने बताया कि बीज और शहद उत्पादन से किसानों को प्रति किसान औसतन ₹50,000 का लाभ हो रहा है। उन्होंने ऑयल मिल शुरू करने की योजना भी प्रस्तुत की।
ई-कॉमर्स और राष्ट्रीय विस्तार: फ़ूड प्रोसेसिंग यूनिट से जुड़े आशीष शर्मा ने बताया कि उनकी इकाई उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बड़े क्षेत्र को कवर करने के साथ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के जरिए पूरे भारत में उत्पाद पहुंचा रही है।
कलेक्टर का प्रस्तुतीकरण और गणमान्य जनों की उपस्थिति कार्यक्रम में कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए जिले में प्रस्तावित औद्योगिक योजनाओं की रूपरेखा रखी।
इस अवसर पर टीकमगढ़ जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर (राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार), श्रीमती सरोज राजपूत, जतारा विधायक श्री हरिशंकर खटीक, पूर्व विधायक डॉ. शिशुपाल सिंह यादव, मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल, सचिव (मुख्यमंत्री) डॉ. सुदाम खाड़े, आयुक्त जनसंपर्क श्री मनीष सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
