16 जून से स्कूलों की वापसी, मध्य प्रदेश में फिर गूंजेगी कक्षाओं की घंटी

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में सरकारी और निजी स्कूलों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियां (Summer Vacation) समाप्त हो चुकी हैं। मंगलवार (16 जून 2026) से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में स्कूल दोबारा खुलने जा रहे हैं, जिससे स्कूलों में एक बार फिर रौनक लौट आएगी।
मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कल से खुलेंगे स्कूल
मध्य प्रदेश: राज्य में छात्र-छात्राओं के लिए स्कूल 16 जून से खुल रहे हैं, हालांकि शिक्षकों के लिए स्कूल 7 जून से ही खोल दिए गए थे ताकि वे नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की तैयारियां पूरी कर सकें।
उत्तर प्रदेश: बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में 20 मई से चल रही छुट्टियां 15 जून को खत्म हो रही हैं। 16 जून से प्रदेशभर के स्कूल दोबारा खुलेंगे।
छत्तीसगढ़: राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूल 16 जून से विधिवत रूप से खुल रहे हैं। लोक शिक्षण संचालनालय ने सोशल मीडिया पर चल रही उस खबर को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है, जिसमें स्कूल 1 जुलाई से खुलने का दावा किया जा रहा था।
महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में शुरू हुई पढ़ाई
दक्षिण और पश्चिम भारत के कई राज्यों में 15 जून से ही स्कूल खोल दिए गए हैं:
महाराष्ट्र में छुट्टियां खत्म होने के बाद 15 जून से स्कूल खुल गए हैं।
आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी 12-13 जून को गर्मी की छुट्टियां समाप्त होने के बाद 15 जून से कक्षाएं सुचारू रूप से शुरू कर दी गई हैं, ताकि शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार सिलेबस समय पर पूरा किया जा सके।
राजस्थान में बदला समय, बढ़ा दी गईं छुट्टियां
राजस्थान के स्कूलों में पहले 22 जून से पढ़ाई शुरू होनी थी, लेकिन बदलते मौसम और बढ़ते तापमान को देखते हुए शिक्षा विभाग ने छुट्टियों को एक हफ्ते के लिए आगे बढ़ा दिया है। अब प्रदेश के सभी स्कूल 29 जून (सोमवार) से खोले जाएंगे। बता दें कि यहाँ 17 मई से स्कूल बंद हैं।
दिल्ली और हरियाणा में 1 जुलाई से खुलेंगे स्कूल
दिल्ली: शिक्षा निदेशालय के नोटिफिकेशन के अनुसार, दिल्ली के सभी सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में 30 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा और 1 जुलाई से स्कूल दोबारा खुलेंगे।
हरियाणा: दिल्ली की तरह ही हरियाणा में भी सभी स्कूल 30 जून तक बंद रहेंगे और जुलाई के पहले दिन से यहाँ नया सत्र शुरू होगा।
