महाराष्ट्र में एसडीआरएफ की नाव पलटी, तीन मौत

महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में प्रवरा नदी में नाव पलट गई थी। लापता लोगों की तलाशी में जुटे राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के एक उप-निरीक्षक और दो जवान भी नदी डूब गए। दरअसल अकोले तहसील के सुगव गांव के पास दो लोग प्रवरा नदी में डूब गए थे। इसके बाद एसडीआरएफ द्वारा तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी अभियान में एसडीआरएफ के चार कर्मचारियों समेत कुल पांच लोग एक नाव में सवार थे। इस दौरान नाव पलट गई। एक एसडीआरएफ जवान को बचा लिया गया, जबकि बाकी लोगों को नहीं बचाया जा सका। एसडीआरएफ के एक सब-इंस्पेक्टर और दो जवानों के शव निकाले गए हैं। इसके अलावा नाव में मौजूद पांचवां व्यक्ति लापता बताया जा रहा है। 

ओडिशा के पारादीप बंदरगाह पर फिलीपींस के नागरिक की मौत

ओडिशा के पारादीप बंदरगाह में फिलीपींस के एक नाविक की मौत हो गई। बताया गया है कि जहाज पर सफाई के दौरान नाविक क्रेन से गिर गया था। मृतक की पहचान अजारकोन अर्ल विल्हेम कुराओ के रूप में हुई है। नाविक एमवी युकाड जहाज में सफाई कर रहे थे। यह जहाज पारादीप बंदरगाह पर खड़ा था। हादसे के बाद नाविक को अस्पताल ले जाया गया था। इलाज के दौरान नाविक की मौत हो गई। 

नाइट विजन चश्मे से आईएएफ विमान की सफल लैंडिंग

भारतीय वायु सेना ने एक्स पर ट्वीट कर बताया कि उन्होंने एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर हासिल हासिल कर लिया है। आईएएफ सी-130जे विमान ने पूर्वी क्षेत्र में एक उन्नत नाइट विजन चश्मे की सहायता से सफल लैंडिंग की। वायुसेना क्षमताओं का विस्तार कर रहा है। यह देश की संप्रभुता की रक्षा करने की प्रतिबद्धता को मजबूत करता है।  

नेवी अधिकारी पिता के साथ 16 साल की छात्रा से फतह किया माउंट एवरेस्ट
 
नेवी चिल्ड्रेन स्कूल, मुंबई की बारहवीं कक्षा की छात्रा काम्या कार्तिकेयन और उनके पिता भारतीय नौसेना के कमांडर एस कार्तिकेयन ने 20 मई को माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की। काम्या 16 साल की हैं। भारतीय नौसेना के पश्चिमी नौसेना कमान ने इसकी जानकारी दी है।

मुंबई एयरपोर्ट में सीमा शुल्क विभाग की कार्रवाई

मुंबई सीमा शुल्क विभाग ने 11.40 किलो से अधिक सोना और इलेक्ट्रोनिक्स जब्त किया है। इसकी कुल कीमत 7.46 करोड़ है। सोना यात्री के कपड़ों, सैनिटरी पैड, ट्रॉली, अंडरगार्मेंट्स और शरीर में छिपा हुआ था। दो यात्रियों को मामले में गिरफ्तार किया गया है। दोनों दुबई से यहां आए थे। 
 
रनवे पर बिजली गिरने से मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का संचालन प्रभावित

गोवा के मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (एमआईए) पर बिजली गिर गई और रनवे किनारे लगी लाइटों को नुकसान पहुंचा है। इस वजह से छह उड़ानों को डायवर्ट कर दिया गया है। एमआईए के एक प्रवक्ता ने कहा कि बुधवार शाम करीब 5.15 बजे उत्तरी गोवा के मोपा स्थित हवाई अड्डे पर बिजली गिरी थी। इस वजह से छह उड़ानों को नजदीकी गंतव्यों की ओर मोड़ दिया गया। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है। प्राकृतिक आपदाएं मानव नियंत्रण से परे हैं। 

एमडीएच व एवरेस्ट मसालों में नहीं मिला एथिलीन ऑक्साइड

एमडीएच और एवरेस्ट के लिए राहत की खबर है। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने कहा कि लैब में परीक्षण किए गए इन दोनों प्रमुख ब्रांड के 28 नमूनों में एथिलीन ऑक्साइड (ईटीओ) नहीं मिली है। हालांकि, अभी मसालों को लेकर छह अन्य सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी हैं। नियामक ने कुल 34 सैंपल लिए थे। पिछले दिनों हांगकांग, सिंगापुर और नेपाल ने इन मसालों में एथिलीन ऑक्साइड होने की बात कहते हुए प्रतिबंध लगा दिए थे। इसके बाद भारतीय खाद्य नियामक ने देशभर से एमडीएच और एवरेस्ट सहित सभी ब्रांड के मसालों के नमूने लेना शुरू कर दिया था। एफएसएसएआई ने एमडीएच की 11 निर्माण यूनिटों से 25, जबकि एवरेस्ट मसाले की दो निर्माण यूनिटों से नौ नमूने लिए थे। 

सुरक्षाबलों ने नौ उग्रवादियों को किया गिरफ्तार

मणिपुर में सुरक्षाबलों ने मंगलवार को दो अलग-अलग घटनाओं में नौ उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से घातक हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया, अभियान के तहत थौबल जिले के टेकचम लमखाई क्षेत्र से तैबंगनबा के नेतृत्व वाले कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी के तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। एक अन्य घटना में पुलिस ने इंफाल पश्चिम जिले के लमसांग से प्रतिबंधित संगठन आरपीएफ-पीएलए के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया। उनके पास से घातक हथियार सहित आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
 
झारखंड में बर्ड फ्लू की चेतावनी रांची में 920 पक्षियों को मारा

झारखंड सरकार ने बर्ड फ्लू को लेकर बुधवार को चेतावनी जारी की है। राजधानी रांची के एक पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। एक अधिकारी के मुताबिक, मोरहाबादी में रामकृष्ण आश्रम दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र नाम का पोल्ट्री फार्म चलाता है। यहां 770 बत्तखों सहित 920 पक्षियों को मारा गया। वहीं, कुल 4,300 अंडे भी नष्ट किए गए। अधिकारी ने बताया, भोपाल के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान को भेजे गए नमूनों में एच5एन1 की पुष्टि की गई।

गोवा में आवारा कुत्तों की दहशत

गोवा में सरकार द्वारा नियुक्त एक एजेंसी का कहना है कि राज्य में आवारा कुत्तों द्वारा नागरिकों पर हमला करने के मामले बढ़ रहे हैं। एजेंसी के तीन कर्मचारियों पर भी गोवा के अलग अलग समुद्र तटों पर आवारा कुत्तों द्वारा हमला किया गया। एजेंसी का नाम दृष्टि मरीन लाइफसेवर्स है, जिसके द्वारा समुद्र तटों पर लोगों के जीवन की रक्षा का काम दिया गया है। कर्मचारियों ने बताया कि अप्रैल में समुद्र तट पर दो विदेशी नागरिकों आवारा कुत्तों ने काट लिया था। एजेंसी के प्रवक्ता ने बताया कि हाल ही में एक  24 वर्षीय महिला को बेनौलीम तट पर कुत्तों ने बुरी तरह काटा। 

मुंबई में नाबालिग की बाइक की टक्कर से 32 साल के युवक की मौत 

मुंबई के मझगांव में एक नाबालिग की बाइक से टक्कर के बाद 32 साल के युवक की मौत हो गई है। यह घटना सुबह करीब सात बजे की है। इस घटना में इरफान नवाब अली शेख नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए जेजे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर डोंगरी चिल्ड्रन होम भेजा है। नाबालिग के पिता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

Leave a Reply